Mahoba News: महोबा में दर्दनाक वारदात: पिता ने शराबी बेटे की लाठी-पत्थर से हत्या, पुलिस जांच जारी

Mahoba News: महोबा के अजनर थाना क्षेत्र में 85 वर्षीय पिता ने कथित रूप से अपने शराबी बेटे की लाठी और पत्थर से हत्या कर दी। घरेलू हिंसा से परेशान परिवार में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

By :  Imran Khan
Update:2026-06-04 23:08 IST

Mahoba News: महोबा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ के अजनर थाना क्षेत्र में एक 85 साल के बुजुर्ग पिता ने लाठी और पत्थर से कुचलकर अपने ही 36 वर्षीय सगे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी।बताया जा रहा है कि बेटा आए दिन शराब पीकर अपनी बूढ़ी माँ के साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर पिता ने खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।

महोबा जनपद का अजनर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाला आनंदपुरा बडेरा गाँव इस वक्त दहशत में है। यहाँ एक घर के भीतर माँ के सामने ही पति ने अपने ही जवान बेटे को मौत के घाट उतार दिया। कलयुगी बेटे की प्रताड़ना से आजिज आ चुके 85 साल के बुजुर्ग पिता नन्हेभाई का सब्र ऐसा टूटा कि उन्होंने कानून अपने हाथ में ले लिया और लाठियों व भारी पत्थर से प्रहार कर 36 वर्षीय बेटे भगवत की जान ले ली। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नन्हेभाई के चार बेटों में से दो दिल्ली में मजदूरी करते हैं, जबकि एक की पहले ही मौत हो चुकी है। घर पर उनका चौथा बेटा भगवत रहता था, जो बेहद शराबी किस्म का इंसान था। शराब की लत के कारण ही 10 साल पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। भगवत रोजाना शराब के नशे में धुत होकर अपने बूढ़े माँ-बाप के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट करता था। दोनों बुजुर्ग लाचार होकर लंबे समय से उसकी इस प्रताड़ना को झेल रहे थे। गुरुवार को भी कहानी वैसी ही शुरू हुई, जब भगवत शराब पीकर घर लौटा और सीधे अपनी 80 साल की बूढ़ी माँ रम्भी से उलझ गया। वह माँ को बेरहमी से पीटने लगा। जब लाचार पिता नन्हेभाई ने बीच-बचाव करना चाहा, तो वह पिता को भी मारने दौड़ा। इसी गुस्से और आत्मरक्षा में बुजुर्ग पिता ने लाठी उठाकर बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जब भगवत जमीन पर गिर पड़ा, तो गुस्से से बौखलाए पिता ने उसके ऊपर पत्थर पटक दिया। लहूलुहान हालत में भगवत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ रविकांत गौड़ और थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बुजुर्ग पिता को हिरासत में ले लिया है और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की माँ रम्भी देवी की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News