Mahoba News: सड़क की मांग कर रहे स्कूली बच्चों से बदसलूकी पर महोबा कोतवाल समेत 4 लाइन हाजिर, 21 का तबादला
Mahoba News: महोबा में जर्जर सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे 10वीं के छात्रों से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। कोतवाल समेत 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर और 21 का तबादला किया गया।
Mahoba News (Image Credit-Social Media)
महोबा। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदहाल सड़क के निर्माण को लेकर प्रदर्शन कर रहे 10वीं कक्षा के छात्रों से अभद्रता और जबरन हटाने के मामले में प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने शहर कोतवाली प्रभारी और तीन सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया, जबकि विभाग के कुल 21 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया गया है।
बीते बुधवार को ग्राम रैपुराकला के स्कूली छात्रों ने गांव की जर्जर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया था। इस दौरान कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय द्वारा बच्चों को धमकाने और जबरन सड़क से हटाने का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो संज्ञान में आने के बाद डीएम गजल भारद्वाज और एसपी शशांक सिंह ने खुद गांव पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। कार्रवाई के तहत मनीष कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल उमाशंकर शुक्ला, कांस्टेबल अरुण कुमार व अभिषेक पटैरिया को लाइन भेजा गया है, जबकि चरखारी थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह को शहर कोतवाली की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रामपुर: उफनती नदी में खड़े होकर बच्चों की डीएम से गुहार— 'अंकल! स्कूल के लिए पक्का पुल बनवा दीजिए'
रामपुर। बरसात के दिनों में शिक्षा की राह कितनी जोखिम भरी हो सकती है, इसकी बानगी रामपुर में देखने को मिली, जहां स्कूली बच्चों ने घूघा नदी के पानी में खड़े होकर पक्के पुल के निर्माण की मार्मिक अपील की। ग्रामीणों द्वारा बनाया गया लकड़ी का अस्थायी पुल हर साल बारिश के पानी में बह जाता है, जिससे रायपुर, हकीमगंज, पुसवाड़ा और आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट जाता है और बच्चों की पढ़ाई ठप हो जाती है।
नदी पार कर स्वार स्थित जमुना देवी इंटर कॉलेज जाने वाले बच्चों का यह वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर नायब तहसीलदार सतीश मिश्रा ने मौके पर जाकर ग्रामीणों और बच्चों की समस्याएं सुनीं तथा उनका ज्ञापन लिया। प्रशासन ने मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द तकनीकी व प्रशासनिक बैठक कर समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा दिया है।