Mainpuri News: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने राम मंदिर चोरी और लखनऊ अग्निकांड पर रखा सरकार का पक्ष

Mainpuri News: मैनपुरी पहुंचे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या प्रकरण, लखनऊ अग्निकांड, कानून व्यवस्था और प्रदेश की राजनीति सहित कई अहम मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।

Update:2026-06-27 17:41 IST

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने राम मंदिर चोरी और लखनऊ अग्निकांड पर रखा सरकार का पक्ष (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को मैनपुरी पहुंचकर अयोध्या मंदिर चोरी प्रकरण, लखनऊ अग्निकांड और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई कर रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अयोध्या मंदिर चोरी मामले पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि निर्धारित समय के भीतर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और चोरी गए सामान की बरामदगी भी हुई है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है और विवेचना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी- जयवीर सिंह

राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयवीर सिंह ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब उनके कार्यों को समझ चुकी है और इसी कारण उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी साथ आते हैं, तब भी भारतीय जनता पार्टी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उनके अनुसार भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से भी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

लखनऊ अग्निकांड का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और तत्काल राहत के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरकार ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और सभी जिलों में निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस साक्ष्य है और जांच में वह सही पाया जाता है, तो उसे भी जांच के दायरे में शामिल किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Tags:    

Similar News