Mainpuri News: खाली डीजल टैंकर में वेल्डिंग के दौरान धमाका, परिचालक गंभीर; 100 मीटर दूर गिरा ढक्कन
Mainpuri News: मैनपुरी में खाली डीजल टैंकर की वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट, ढक्कन 100 मीटर दूर जा गिरा, परिचालक गंभीर घायल।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में रविवार को खाली डीजल टैंकर की वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना जोरदार था कि टैंकर का ऊपरी ढक्कन करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरा, जबकि विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में टैंकर का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वेल्डिंग मैकेनिक को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल परिचालक को जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की है। जानकारी के अनुसार एक खाली डीजल टैंकर मरम्मत के लिए वेल्डिंग की दुकान पर लाया गया था। वेल्डिंग मैकेनिक गुड्डू ने बताया कि टैंकर के निचले हिस्से की मरम्मत पूरी होने के बाद मालिक ने ऊपरी हिस्से में भी एक प्लेट वेल्ड करने के लिए कहा। पहले उसने ऊपर वेल्डिंग करने से मना किया था, लेकिन आग्रह पर काम शुरू कर दिया। उस समय टैंकर खाली था, जबकि उसके ऊपरी चेंबर में पानी भरा हुआ था।
मैकेनिक के अनुसार जैसे ही उसने वेल्डिंग का नोजल टैंकर के ऊपरी हिस्से पर लगाया, अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता से वह नीचे गिर गया। वहीं पास में बैठा 32 वर्षीय परिचालक अंकित पुत्र विनोद निवासी ग्राम वीरमपुर, थाना एलाऊ भी कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अंकित की हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि टैंकर का ढक्कन और लोहे के कई पुर्जे करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरे। धमाके के बाद टैंकर के ऊपरी हिस्से में आग भी लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया।स्थानीय निवासी अनिल अग्रवाल ने बताया कि धमाका बेहद तेज था और उसके कारण मैकेनिक व परिचालक दोनों उछलकर दूर जा गिरे। उन्होंने कहा कि यदि टैंकर में डीजल भरा होता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।