Mainpuri News: नाबालिग बेटियों से छेड़छाड़ का आरोप, पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

Mainpuri News: मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी दो नाबालिग बेटियों और रिश्तेदारी की एक किशोरी से छेड़छाड़, घर में घुसकर धमकी और मारपीट का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Update:2026-07-30 18:12 IST

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के एक युवक और उसके परिजनों पर उसकी दो नाबालिग बेटियों तथा रिश्तेदारी की एक किशोरी से छेड़छाड़, अश्लील हरकतें, घर में घुसकर धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। महिला का आरोप है कि थाना स्तर पर शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है।

पीड़िता के अनुसार, गांव का एक युवक नशे का आदी है और लंबे समय से उसकी नाबालिग बेटियों तथा रिश्तेदारी की किशोरी पर गलत नजर रखता है। महिला ने बताया कि 25 जुलाई की शाम तीनों किशोरियां घर पर अकेली थीं और छत पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान आरोपी घर के बाहर पहुंच गया और कथित रूप से अश्लील हरकतें करने लगा। आरोप है कि उसने अभद्र टिप्पणियां करते हुए किशोरियों को खेत की ओर चलने के लिए कहा। घबराई किशोरियों ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से भाग निकला।

महिला का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद आरोपी अपने परिजनों के साथ छत के रास्ते घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए किशोरियों को धमकाने लगा। किशोरियों ने सीढ़ियों का दरवाजा बंद कर खुद को सुरक्षित किया और दोबारा डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए।प्रार्थना पत्र में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 27 जुलाई की सुबह उसकी बेटी और रिश्तेदारी की किशोरी का रास्ता रोककर उन्हें परेशान किया गया। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और दरांती लेकर उसके घर पहुंचे।

मुख्य आरोपी के हाथ में तमंचा होने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने मारपीट की, ईंट-पत्थर फेंके और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि घटनाओं से जुड़े वीडियो और ऑडियो साक्ष्य उसके पास मौजूद हैं। उसने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News