Mainpuri News: मैनपुरी जंक्शन पर अचानक पहुंचे एडीआरएम, अधूरे काम पर लगाई फटकार
Mainpuri News: मैनपुरी जंक्शन पर एडीआरएम ने अचानक निरीक्षण किया। अधूरे कार्यों पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: मैनपुरी जंक्शन पर रविवार दोपहर उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के एडीआरएम दीपक कुमार अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। वह निजी वाहन से बिना किसी पूर्व सूचना के स्टेशन पहुंचे और करीब एक घंटे तक पैदल घूमकर निर्माणाधीन परिसर, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और लिफ्ट का निर्माण अधूरा मिलने पर एडीआरएम ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दोनों कार्यों को हर हाल में 15 दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि एडीआरएम दीपक कुमार बाबा नीमकरौली धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे वह मैनपुरी जंक्शन पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ यात्रियों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। एडीआरएम ने निर्माणाधीन एफओबी पर पैदल चलकर उसकी तकनीकी व्यवस्थाओं और निर्माण गुणवत्ता को देखा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। यदि कहीं भी निर्धारित मानकों से समझौता पाया गया तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य स्वीकृत नक्शे और तय मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एडीआरएम ने पेड़ों को सुरक्षित रखने और बारिश के पानी के जलभराव की समस्या रोकने के लिए ढलान को नाले से बेहतर तरीके से जोड़ने के निर्देश दिए। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यात्री शेड को बेहतर बनाने के लिए भी कहा।
वहीं, स्थानीय लोगों ने एडीआरएम से मुलाकात कर मैनपुरी की रेल सुविधाओं में सुधार की मांग रखी। आवास विकास कॉलोनी निवासी हरिकिशन यादव ने मेमू ट्रेन का विस्तार आगरा तक टूंडला के रास्ते करने की मांग की। लोगों ने आगरा, कानपुर और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के फेरे बढ़ाने तथा आनंद विहार एक्सप्रेस को साप्ताहिक चलाने का प्रस्ताव रखा। स्टेशन परिसर स्थित मंदिर के सुंदरीकरण की मांग भी की गई। एडीआरएम ने सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।