Mainpuri News: ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; तेल-कॉइल और हथियार बरामद

Mainpuri News: मैनपुरी में एलाऊ पुलिस और स्वाट टीम ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी का तेल, कॉइल, वाहन और अवैध हथियार बरामद किए।

Update:2026-08-22 19:02 IST

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी में बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ एलाऊ पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का तेल, कॉइल, उपकरण, दो वाहन, नकदी और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात करीब 9:35 बजे तारापुर-भोगांव मार्ग पर दिलाखर गांव की पुलिया के पास मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सकरुल्लापुर निवासी 22 वर्षीय सौरभ मिश्रा और 38 वर्षीय अजीत को पकड़ लिया गया।तलाशी में चार सफेद बोरियों में करीब 50 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, एक क्षतिग्रस्त 25 केवी ट्रांसफार्मर, एक बड़ी और दो छोटी ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद की गईं। इसके अलावा दो रिंच, दो पेचकस, एक प्लास, दो एमरॉन कार बैटरियां और 10 हजार रुपये नकद मिले। चोरी का माल ले जाने में इस्तेमाल ईको वैन और पिकअप भी पुलिस ने जब्त की है।पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद किया। इस मामले में एलाऊ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से ट्रांसफार्मर चोरी करते थे। इसके बाद ट्रांसफार्मर के हिस्सों और तेल को कबाड़ियों के जरिए बेच दिया जाता था। पुलिस रिकॉर्ड में दोनों आरोपियों के खिलाफ एलाऊ, बेवर, बिछवां और विद्युत चोरी निरोधक थाने समेत कई स्थानों पर मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की जानकारी जुटा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगातार दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं।एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags:    

Similar News