Mainpuri News: BSF जवान की पत्नी 30 घंटे से भूख हड़ताल पर, जमीन बचाने को प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

Mainpuri News: मैनपुरी में देश की सीमा पर तैनात BSF जवान की पत्नी अपनी जमीन बचाने के लिए 30 घंटे से भूख हड़ताल पर बैठी हैं। दबंगों द्वारा अवैध कब्जे और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ उन्होंने अब पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से न्याय की गुहार लगाई है।

Update:2026-05-16 18:42 IST

Mainpuri News: मैनपुरी जिले में एक बीएसएफ जवान की पत्नी अपनी जमीन बचाने के लिए पिछले करीब 30 घंटे से भूख हड़ताल पर बैठी हुई है। महिला का आरोप है कि उसके पति देश की सेवा में त्रिपुरा में तैनात हैं, जबकि इधर गांव में कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने में जुटे हैं। कई बार शिकायत करने, न्यायालय के आदेश दिखाने और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो परेशान होकर महिला को भूख हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

दन्नाहार थाना क्षेत्र के लालपुर मौजा सथिनी निवासी मधु पत्नी सुरेश चंद्र का कहना है कि उनके पति बीएसएफ में तैनात हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में देश सेवा कर रहे हैं। महिला के अनुसार, उनके पति ने वर्ष 2009 में गाटा संख्या 257 की जमीन खरीदी थी। आरोप है कि गांव के ही कोल्ड स्टोर संचालक मनोज कुमार ने उनकी जमीन पर बाउंड्रीवाल और गेट बनाकर कब्जा कर लिया।

महिला का कहना है कि जब उनके पति सीमा पर ड्यूटी कर रहे थे, उसी दौरान यह निर्माण कार्य कराया गया। विरोध करने पर मामला एसडीएम न्यायालय तक पहुंचा, जहां पैमाइश भी कराई गई, लेकिन इसके बावजूद कथित कब्जा नहीं हटाया गया। पीड़िता का आरोप है कि न्यायालय से आदेश आने के बाद भी आरोपियों ने दोबारा मिट्टी डालकर जमीन पर कब्जा शुरू कर दिया।

मधु ने पुलिस पर भी सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने और स्टे ऑर्डर दिखाने के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुकवाया गया। इसी से नाराज होकर महिला पिछले 30 घंटे से भूख हड़ताल पर बैठी हुई है।

शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) धरनास्थल पहुंचे और सात दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं शनिवार को महिला सर्किट हाउस पहुंची और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।

महिला ने प्रशासन से अवैध कब्जा हटवाने, फर्जी पट्टों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि महिला से जानकारी ली गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News