Mainpuri News: मंदिर पर कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष,फायरिंग में पांच साल की बच्ची को लगी गोली

Mainpuri News: मैनपुरी के बड़ी नगरिया में मंदिर पर कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट के दौरान हुई फायरिंग में करीब पांच साल की बच्ची के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Update:2026-08-11 15:58 IST

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी के मोहल्ला बड़ी नगरिया में मंदिर पर हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर लाठी-डंडे चले। इसी दौरान हुई फायरिंग में पास खड़ी करीब पांच साल की बच्ची के पैर में गोली लग गई। घायल बच्ची को परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, बड़ी नगरिया निवासी एक महिला मंदिर में पूजा करने गई थी। वहां मौजूद कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। महिला ने घर लौटकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला के परिजन दूसरे पक्ष के लोगों से शिकायत करने पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी बीच एक पक्ष की ओर से तमंचे से फायरिंग कर दी गई। गोली महिला को लगने के बजाय पास में खड़ी करीब पांच साल की बच्ची के पैर में जा लगी। गोली लगते ही बच्ची घायल होकर जमीन पर गिर गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, विवाद में बिल्लू नाम के युवक को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया है।एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। उन्होंने बताया कि बिल्लू नाम का युवक दूसरे पक्ष के घर में गया था, जहां उसके साथ मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के महिला और पुरुष आपस में भिड़ गए।एसपी सिटी के मुताबिक, वायरल वीडियो में लाठी-डंडे चलने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फायरिंग और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News