Mathura News: गुरुपूर्णिमा से पहले बदहाल हुआ चकलेश्वर मार्ग, कीचड़ और जलभराव से श्रद्धालु परेशान

Mathura News: गुरुपूर्णिमा से पहले चकलेश्वर परिक्रमा मार्ग की बदहाल स्थिति सामने आई है। कीचड़ और जलभराव के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग उठ रही है।

Update:2026-07-15 15:02 IST

Mathura News(Photo-Social Media)

Mathura News: गुरुपूर्णिमा और मुड़िया पूर्णिमा मेले से पहले गोवर्धन के चकलेश्वर मंदिर से मुड़िया मंदिर जाने वाले प्रमुख परिक्रमा मार्ग की खराब स्थिति स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की चिंता का कारण बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़, गड्ढे और जलभराव होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मार्ग की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चकलेश्वर मंदिर से होकर गुजरने वाला यही मार्ग सप्तकोसीय परिक्रमा, दंडवती परिक्रमा और मुड़िया महंत की शोभायात्रा के लिए प्रमुख रास्तों में शामिल है। हाल की बारिश के बाद सड़क दलदल जैसी दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर गंदा पानी भर गया है, जिससे श्रद्धालुओं को नंगे पैर कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे विशेष रूप से परेशानी का सामना कर रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को भी फिसलन और गड्ढों के कारण दिक्कतें हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में इस मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या सामने आती है, लेकिन समय रहते स्थायी समाधान नहीं हो पाता। उनका कहना है कि यदि मेले से पहले मार्ग की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो भारी भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि चकलेश्वर से मुड़िया मंदिर तक पूरे मार्ग को तत्काल कीचड़ मुक्त कराया जाए, जलभराव निकालने के लिए आवश्यक मशीनें लगाई जाएं तथा अस्थायी रूप से गिट्टी या अन्य सामग्री डालकर रास्ते को सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही भविष्य में समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण और सड़क सुधार कार्य भी शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई गई है।

श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गुरुपूर्णिमा और मुड़िया पूर्णिमा मेला ब्रज का प्रमुख धार्मिक आयोजन है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों द्वारा समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि आने वाले दिनों में किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की आशंका न रहे।

Tags:    

Similar News