Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद: इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई आज

Mathura News: मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद में आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई, दोनों पक्षों की नजर अदालत की कार्यवाही पर।

Update:2026-08-25 11:09 IST

Mathura News:  श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से जुड़े मामले में मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई प्रस्तावित है। न्यायमूर्ति अविनाश सक्सेना की अदालत में दोपहर दो बजे से मामले की सुनवाई होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में दोनों पक्षों की नजर आज होने वाली न्यायिक कार्यवाही पर टिकी हुई है।

इस बीच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर स्थानीय लोक अदालत में कराई गई आपसी समझौता वार्ता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हो गई है। लोक अदालत ने मुस्लिम पक्ष के वार्ता में शामिल नहीं होने के आधार पर समझौता प्रक्रिया को विफल मान लिया है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दोनों पक्षों को आपसी सहमति के माध्यम से विवाद सुलझाने का अवसर दिया गया था। इसी क्रम में स्थानीय स्तर पर तीन बार समझौता वार्ता कराने का प्रयास किया गया।

तीन बार वार्ता कराने का प्रयास

महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंतिम वार्ता के लिए 18 अगस्त को स्थानीय लोक अदालत में दोनों पक्षों को बुलाया गया था। हिंदू पक्ष की ओर से प्रतिनिधि मौजूद रहे, लेकिन मुस्लिम पक्ष की ओर से कोई प्रतिनिधि वार्ता में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद लोक अदालत ने उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर समझौता वार्ता को विफल मानते हुए निर्णय सुनाया।

उन्होंने बताया कि समझौता वार्ता से संबंधित मामले में सुप्रीम कोर्ट में 21, 22 और 23 अगस्त को सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन इन तारीखों पर मामला अदालत के समक्ष सुनवाई के लिए नहीं आ सका।

अब मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई को लेकर दोनों पक्षों में विशेष रुचि है। सुनवाई के दौरान मामले से जुड़े विभिन्न कानूनी पहलुओं पर आगे की कार्यवाही की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News