Mathura News: गैंगरेप पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, कार्रवाई में देरी पर उठाए सवाल
Mathura News: मथुरा में गैंगरेप पीड़िता ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठाए, सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
Mathura News
Mathura News: जनपद के जमुनापार स्थित थाना लक्ष्मीनगर क्षेत्र की एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि उसने 29 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर पांच लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। उसका दावा है कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार उस तथा उसके परिजनों पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पीड़िता ने मीडिया के माध्यम से उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
महिला का कहना है कि उसके पास घटना से जुड़े कुछ वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें वह न्यायालय में प्रस्तुत करेगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके वीडियो भी उसके पास हैं। साथ ही उसने थाना लक्ष्मीनगर के प्रभारी पर आरोपियों को संरक्षण देने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले को लेकर कई महिला संगठनों और भारतीय किसान यूनियन (सुनील) की महिला इकाई ने भी नाराजगी जताई है। कामरेड राधा चौधरी और महिला जिलाध्यक्ष मीनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि कुछ आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे महिलाओं में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो महिला संगठन आंदोलन करने को बाध्य होंगे।