Mathura News: सांड से बचने की कोशिश में तालाब में गिरा युवक, चार घंटे बाद मिला शव

Mathura News: मथुरा के राया क्षेत्र में आवारा सांड से बचने की कोशिश में 28 वर्षीय युवक तालाब में गिर गया। चार घंटे के रेस्क्यू के बाद एनडीआरएफ ने शव बरामद किया।

Update:2026-07-06 20:42 IST

Mathura News

Mathura News : थाना राया क्षेत्र के गांव थाना अमर सिंह एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक घर से दुकान पर सामान लेने निकला था। रास्ते में अचानक सामने आए एक आवारा सांड से बचने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पास के तालाब में जा गिरा।

मृतक की पहचान हरिओम (28) पुत्र रघुवर, निवासी गांव थाना अमर सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, हरिओम दुकान से सामान लेने जा रहा था। तभी रास्ते में एक सांड आ गया। उससे बचने के लिए वह तेजी से पीछे हटने लगा, लेकिन संतुलन खो बैठा और सीधे तालाब में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहरे पानी और कीचड़ के कारण वह देखते ही देखते डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने भी काफी देर तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालात को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। तालाब में अत्यधिक कीचड़ और गंदगी होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी कठिन रहा। करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद एनडीआरएफ के जवानों ने युवक का शव तालाब से बाहर निकाला।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में आवारा सांडों की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से इनके नियंत्रण की मांग की है। उनका कहना है कि आवारा पशुओं के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

Tags:    

Similar News