Mathura शादी समारोहों में सक्रिय कड़िया सांसी गैंग से रहें सावधान, मथुरा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Mathura News: सूट-बूट पहनकर मेहमान बनकर पहुंचने वाला यह गिरोह प्रशिक्षित बच्चों से नकदी और जेवर चोरी कराता है। संदिग्ध दिखने पर डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।

Update:2026-11-23 19:20 IST

Mathura News:  शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में नकदी और आभूषणों से भरे बैग चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कड़िया सांसी गैंग की सक्रियता को देखते हुए मथुरा पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम कड़िया सांसी, गुलखेड़ी और हुलखेड़ी क्षेत्र से जुड़ा यह गिरोह शादी समारोहों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य बाराती और मेहमान बनकर समारोह में प्रवेश करते हैं और मौका मिलते ही कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं।

पुलिस की जानकारी के अनुसार गिरोह में सामान्यतः सात सदस्य शामिल होते हैं। सभी की अलग-अलग जिम्मेदारी होती है। कुछ सदस्य पहले कार्यक्रम स्थल की रेकी करते हैं, जबकि अन्य चोरी की वारदात को अंजाम देने और वाहन से फरार होने में मदद करते हैं। गिरोह की सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसमें पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का इस्तेमाल किया जाता है। इन बच्चों को कम उम्र से ही चोरी करने और भीड़ में आसानी से घुलने-मिलने का प्रशिक्षण दिया जाता है। अच्छे कपड़े पहनाकर उन्हें बाराती या मेहमान बनाकर विवाह स्थल, होटल और मैरिज गार्डन में भेजा जाता है।

गिरोह के सदस्य पहले बड़े व्यापारियों और संपन्न परिवारों के शादी समारोहों की जानकारी जुटाते हैं। इसके बाद ऐसे स्थानों पर पहुंचकर मेहमानों का ध्यान भटकाते हैं और नकदी व जेवरात से भरे बैग चोरी कर लेते हैं। शादी के सीजन में मथुरा और आगरा क्षेत्र में इसकी सक्रियता की आशंका जताई गई है। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में दर्जनों वारदात करना स्वीकार किया था।

मथुरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समारोहों में कीमती सामान से भरे बैग लावारिस न छोड़ें और किसी अनजान व्यक्ति या बच्चे के भरोसे न रखें। संदिग्ध लोगों पर नजर रखें। होटल, मैरिज होम और गार्डन संचालक सीसीटीवी कैमरे चालू रखें।

संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाई देने पर तत्काल डायल 112 या थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक 9454403946 तथा क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी 9454401269 पर सूचना दें।

Tags:    

Similar News