मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मथुरा में सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और विचारों को किया याद

Mathura News: मथुरा में मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव समेत नेताओं ने नेताजी के संघर्ष और विचारों को याद किया।

Update:2026-11-22 20:24 IST

Mathura News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को मथुरा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने और समाजवादी विचारधारा को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में कालिंदी ग्रीन स्थित पार्टी कार्यालय पर किया गया। यह कार्यालय बाबा जयगुरुदेव मंदिर के समीप स्थित है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने नेताजी के राजनीतिक जीवन, संघर्षों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन संघर्ष और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और नौजवानों के अधिकारों की आवाज उठाई। समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेताजी के विचारों को आत्मसात करने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।

वहीं वरिष्ठ समाजवादी नेता प्रदीप चौधरी ने कहा कि नेताजी का जीवन सामाजिक न्याय, संघर्ष और जनसेवा की मिसाल है। उन्होंने राजनीति में रहकर आम लोगों के हितों को प्राथमिकता दी। उनके विचार, सिद्धांत और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

Tags:    

Similar News