Mathura News: कराटे कप में 155 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, स्कूल ने जीते पदक

Mathura News: द्वितीय इंटर स्कूल ओपन कराटे कप 2026 में एमपीएसएम ग्रेस स्कूल के कार्तिक और रणवीर ने गोल्ड, लव, जतिन और अनुराग ने सिल्वर समेत पांच खिलाड़ियों ने कांस्य जीता।

Update:2026-11-21 17:55 IST

 कराटे कप में 155 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, स्कूल ने जीते पदक (Photo- Newstrack)

Mathura News: कॉन्वेंट स्कूल, गणेशरा में द्वितीय इंटर स्कूल ओपन कराटे कप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 155 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और कराटे कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एमपीएसएम ग्रेस गवर्नमेंट स्कूल के 10 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अलग-अलग श्रेणियों में पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के कार्तिक और रणवीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं लव, जतिन और अनुराग ने रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा प्रिंस, कृष्णा, राघव, शिवा और दिग्विजय ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों के प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय के निदेशक अनुपम सिंह और अजय शर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि आरआई राम रतन सिंह, अभिनव सिंह, भारत शर्मा और सुभोत ने विजेता एवं पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजक आरिफ, संदेश, गुलशन और पायल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में कराटे के प्रति रुचि बढ़ाना, उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच देना तथा अनुशासन, आत्मरक्षा और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, कोचों, निर्णायकों और अतिथियों का आभार जताया।

विद्यालय प्रबंधन और समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags:    

Similar News