मथुरा: दो साल से अवैध भट्टी के धुएं से परेशान परिवार, कार्रवाई न होने पर मांगी पलायन की अनुमति
गोवर्धन के सौंख कस्बे का मामला, धुएं से सांस और आंखों की बीमारी से जूझ रहा पीड़ित एम्स में करा रहा इलाज; तहसील दिवस में लगाई गुहार।
Mathura News: कस्बा सौंख में कथित अवैध भट्टी से निकलने वाला धुआं एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया है। पिछले दो वर्षों से धुएं की समस्या झेल रहे एक व्यक्ति ने अधिकारियों से न्याय नहीं मिलने पर अब पलायन करने की अनुमति मांगी है। पीड़ित का आरोप है कि लगातार शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या का समाधान करने के बजाय कागजों में ही कार्रवाई पूरी दिखा रहे हैं।
कस्बा निवासी राजेश रोजा ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अपनी पीड़ा अधिकारियों के सामने रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि कस्बे में परमानंद और चौधरी हलवाई पुत्र लक्षूमल द्वारा कथित रूप से अवैध भट्टी संचालित की जा रही है। इससे निकलने वाला धुआं सीधे उनके घर में पहुंचता है। इसके चलते परिवार के सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजेश के मुताबिक, उन्होंने इस समस्या को लेकर एसडीएम, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन तक शिकायतें पहुंचाई हैं। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचते हैं, लेकिन बिना प्रभावी कार्रवाई किए लौट जाते हैं। बाद में शिकायत का निस्तारण दिखा दिया जाता है।
पीड़ित ने दावा किया कि उन्होंने मामले की जानकारी लेने के लिए तीन बार आरटीआई भी दाखिल की और अपील की, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि लगातार धुएं के संपर्क में रहने से उन्हें सांस संबंधी बीमारी और आंखों में संक्रमण की शिकायत हो गई है। शरीर में अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी सामने आई हैं। फिलहाल उनका उपचार एम्स में चल रहा है। परिवार के दूसरे सदस्यों को भी अब स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगी हैं।
लगातार शिकायतों के बाद भी राहत नहीं मिलने से निराश राजेश ने पलायन की अनुमति मांगी है। उन्होंने प्रशासन से भट्टी हटवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।