Mathura News: राया में जयपुर-बरेली हाईवे पर तीन ट्रेलरों की भिड़ंत, टला बड़ा हादसा

Mathura News: मथुरा के राया में जयपुर-बरेली हाईवे पर ब्रेक फेल होने से तीन भारी ट्रेलर आपस में भिड़ गए, हादसे में सभी चालक व परिचालक सुरक्षित बच गए।

Update:2026-11-20 18:26 IST

Mathura News:  राया क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे पर शुक्रवार को तीन भारी ट्रेलरों के बीच हुई भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। तीनों वाहनों के चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं। ट्रेलरों पर लदे भारी सामान के कारण हादसा बड़ा रूप ले सकता था, लेकिन समय रहते स्थिति संभल गई।

जानकारी के अनुसार, तीनों ट्रेलर सिकंदराबाद से मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित एक पावर प्लांट के लिए रवाना हुए थे। इन वाहनों में ब्रिज निर्माण से संबंधित भारी सामान लदा हुआ था। शुक्रवार को राया क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे से गुजरते समय चालक चाय पीने के लिए सड़क किनारे स्थित पार्किंग में वाहन खड़े करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।

ट्रेलर चालक मनदीप सिंह ने बताया कि तीनों वाहन एक के पीछे एक चल रहे थे। जब वे हाईवे पर पुल से नीचे उतरकर पार्किंग की ओर जा रहे थे, तभी सबसे पीछे चल रहे तीसरे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन पर नियंत्रण करने का प्रयास किया, लेकिन भारी वजन के चलते ट्रेलर नहीं रुक सका और आगे खड़े ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर के प्रभाव से आगे के वाहन भी प्रभावित हुए।

हादसे के बाद ट्रेलरों पर लदा भारी सामान अपनी जगह से खिसककर तिरछा हो गया। इससे हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्रेन की मदद से सामान को व्यवस्थित करने का काम शुरू कराया गया। कर्मचारियों की मदद से भारी सामान को सीधा कर दोबारा ट्रेलरों पर लादा जा रहा है।सामान को सुरक्षित तरीके से लोड करने के बाद तीनों ट्रेलरों को मध्य प्रदेश के सिंगरौली के लिए रवाना किया जाएगा। हादसे में किसी के घायल नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली।

Tags:    

Similar News