Mathura News: कांवड़ियों पर मौलाना के कथित बयान से संत नाराज, कार्रवाई की मांग उठी
Mathura News: मथुरा में कांवड़ यात्रा को लेकर मौलाना के कथित बयान पर संतों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। संतों ने प्रशासन से जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Mathura News
Mathura News: कांवड़ यात्रा को लेकर एक मौलाना के कथित बयान पर ब्रज क्षेत्र के संतों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज सहित कई संतों ने बयान की निंदा करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब एक मौलाना द्वारा कांवड़ियों को लेकर कथित टिप्पणी की गई। बताया गया कि मौलाना ने कहा था कि कांवड़ यात्रा के दौरान शराब, भांग, गांजा या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले, लूटपाट करने वाले अथवा पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वाले लोग शिवभक्त नहीं हो सकते। उन्होंने ऐसे लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिस पर ब्रज के संतों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।दिनेश फलाहारी महाराज ने आरोप लगाया कि संबंधित मौलाना पहले भी सनातन धर्म और हिंदू समाज को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
फलाहारी महाराज ने कहा कि धार्मिक यात्राओं और आस्थाओं से जुड़े विषयों पर टिप्पणी करते समय संयम और मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार के बयान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं।वहीं, ब्रज क्षेत्र के अन्य संतों ने भी कथित बयान की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय के अनुयायियों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बनाए रखने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।फिलहाल इस मामले में संबंधित मौलाना की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रशासन की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। संतों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।