Mathura News: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 7 से 9 तक वृंदावन दौरे पर, प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं
Mathura News: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के वृंदावन दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 7 से 9 अगस्त तक प्रस्तावित दौरे के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 7 से 9 अगस्त तक वृंदावन प्रवास पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम और निर्देशों के अनुसार सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, विद्युत, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति 7 अगस्त की सुबह नई दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर दोपहर में वृंदावन स्थित विवांता होटल पहुंचेंगे। शाम को वह ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद प्रेम मंदिर और धनुका आश्रम पहुंचकर रासलीला कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा रात्रि विश्राम वृंदावन में करेंगे।
8 अगस्त को उनका कार्यक्रम रामकृष्ण मिशन, सिग्नेचर वृंदावन धाम के उद्घाटन समारोह और रामकथा में सहभागिता का है। इसके बाद वह इस्कॉन (पुराना) मंदिर भी जाएंगे। 9 अगस्त को व्यजंती आश्रम, श्री पुंडरीक जी महाराज आश्रम, राधारमण मंदिर, निधिवन और सेवा कुंज के दर्शन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उसी दिन शाम को वह सड़क मार्ग से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, परिवहन विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वीआईपी सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, चिकित्सा दल, फायर सेफ्टी, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
निर्देशों में संबंधित मंदिरों, आश्रमों और कार्यक्रम स्थलों के प्रबंधकों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के लिए कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि पूर्व राष्ट्रपति के पूरे प्रवास के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय से पहले तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।