Mathura News: गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए मिलेगा 20 हजार रुपये अनुदान
Mathura News: मथुरा में पिछड़ा वर्ग के निर्धन परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 20 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। पात्र परिवार विवाह से 90 दिन पहले तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
Mathura News
Mathura News: पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से पिछड़े वर्ग के निर्धन परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र परिवारों को बेटी की शादी के लिए एकमुश्त 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विशाल कुमार ने पात्र लोगों से समय से आवेदन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ पिछड़े वर्ग के ऐसे परिवारों को दिया जाता है, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है। योजना में आवेदन करने के लिए विवाह करने वाली कन्या की आयु कम से कम 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष या उससे अधिक होना जरूरी है। अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग के परिवार इस योजना के दायरे में शामिल नहीं हैं।योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र परिवार विवाह की तिथि से 90 दिन पूर्व तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विभाग की वेबसाइट shadianudan.upsdc.gov.in पर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने नवंबर और दिसंबर में विवाह करने वाले पात्र लाभार्थियों से अभी आवेदन करने को कहा है, जिससे आवेदन की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके और विवाह से पहले अनुदान की धनराशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवेदक और पुत्री का आधार कार्ड, विवाह का कार्ड, आवेदक के नाम की बैंक पासबुक, आय प्रमाण-पत्र तथा जाति प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होगी। आवेदकों को आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही जानकारी के साथ उपलब्ध कराने होंगे, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।ग्रामीण क्षेत्र के पात्र लाभार्थी अधिक जानकारी के लिए अपने संबंधित विकास खंड कार्यालय में सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) से संपर्क कर सकते हैं। वहीं शहरी क्षेत्र के लाभार्थी संबंधित उप-जिलाधिकारी कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, मथुरा के कार्यालय के दूरभाष नंबर 0565-2970417 पर संपर्क कर योजना और आवेदन से संबंधित जानकारी ली जा सकती है।