Mathura News: निताई बोस को राष्ट्रपति सम्मान, ब्रज की लघु चित्रकला को मिली राष्ट्रीय पहचान
Mathura News: राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में वृंदावन के निताई बोस को राष्ट्रपति सम्मान मिला, ब्रज शैली की लघु चित्रकला को राष्ट्रीय पहचान मिली।
निताई बोस को राष्ट्रपति सम्मान, ब्रज की लघु चित्रकला को मिली राष्ट्रीय पहचान (Photo- Newstrack)
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के वृंदावन के प्रसिद्ध बृज शैली मिनिएचर आर्टिस्ट निताई बोस को देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu द्वारा राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया, जिससे न केवल वृंदावन और मथुरा बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
राष्ट्रपति भवन में 4 जून से 14 जून तक दस दिवसीय बृज शैली मिनिएचर आर्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इस कार्यशाला के समापन अवसर पर 15 जून को आयोजित सम्मान समारोह में देश के 11 राज्यों से चयनित कलाकारों को सम्मानित किया गया। इनमें उत्तर प्रदेश से मथुरा जनपद के निताई बोस एकमात्र कलाकार रहे, जिन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।
वृंदावन के श्याम कुटी, परिक्रमा मार्ग निवासी निताई बोस पिछले लगभग 35 वर्षों से लघु चित्रकला के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने अपनी कला की प्रारंभिक शिक्षा गुरु रमेश चंद शर्मा से प्राप्त की तथा बाद में गुरु नित्य गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में कला की बारीकियों को आत्मसात किया।
ब्रज की पारंपरिक चित्रकला को राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई पहचान
समारोह में सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही राष्ट्रपति की ओर से निर्धारित धनराशि भी प्रदान की जाएगी। निताई बोस की इस उपलब्धि से कला जगत में हर्ष का माहौल है और ब्रज की पारंपरिक चित्रकला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। कला प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने निताई बोस को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए इसे ब्रज संस्कृति और विरासत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।