Mathura News: सुरीर बस स्टैंड तिराहे पर गंदगी और जलभराव से ग्रामीण परेशान

Mathura News: सुरीर बस स्टैंड तिराहे के पास कूड़े के ढेर और नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से ग्रामीण, राहगीर और दुकानदार परेशान हैं।

Update:2026-08-13 17:25 IST

Mathura News

Mathura News: थाना सुरीर क्षेत्र के बस स्टैंड तिराहे से सिकंदरपुर जाने वाले मार्ग के समीप इन दिनों गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो गए हैं। सड़क किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिनमें प्लास्टिक के गिलास, पन्नियां, सड़ी-गली सब्जियां और घरेलू कचरा जमा है।

कूड़े के कारण नालियों की निकासी बाधित होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश के बाद सड़क पर गंदा पानी जमा होने से स्थिति और विकट हो जाती है। कचरे और दूषित पानी से उठने वाली दुर्गंध से भी लोग परेशान हैं।ग्रामीणों के अनुसार, जलभराव और गंदगी के चलते क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। राहगीरों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जबकि दुकानदारों को भी दुर्गंध और गंदगी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर कूड़े के ढेर हटवाने, नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बरसात के दौरान समस्या और विकराल हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।इस दौरान मनोज, देवीराम, डोरी लाल, गणेश, पुनीत, तरुण, जय, धर्मो, मनीष, जग्गौ, फतेह सिंह, विशाल, रेनू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News