Mathura News: नशे की हालत में युवक से मारपीट, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार

Mathura News: मथुरा के बलदेव सिटी हाईवे क्षेत्र में नशे की हालत में युवक से मारपीट के बाद उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने नामजद आरोपी राहुल उर्फ चरना को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

Update:2026-08-11 15:24 IST

Mathura News

Mathura News: बलदेव सिटी हाईवे क्षेत्र में सोमवार शाम नशे की हालत में हुई मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम समेत अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की शाम सुनील नामक व्यक्ति द्वारा थाने पर सूचना दी गई कि उसके भाई दीपक के साथ मारपीट की गई है। आरोप है कि बलदेव सिटी हाईवे निवासी राहुल उर्फ चरना ने नशे की हालत में दीपक के साथ मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान राहुल ने दीपक के सिर पर चोट मारी और उसका गला दबाया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल दीपक को उसके परिवारजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों से तहरीर प्राप्त की और उसके आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राहुल उर्फ चरना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब घटना के कारणों, मारपीट की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका के संबंध में जांच कर रही है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की भी पुष्टि होगी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News