फिदायीन हमले की तैयारी और पाकिस्तान से कनेक्शन… मेरठ से गिरफ्तार हुआ संदिग्ध आतंकी उजैद!
Meerut Terror Suspect Arrest: मेरठ पुलिस ने संदिग्ध आतंकी उजैद को गिरफ्तार किया है। जांच के मुताबिक, वह पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार मोहम्मद साजिद के संपर्क में था। एटीएस और आईबी उससे पूछताछ कर रही हैं।
Meerut Terror Suspect Ujaid Arrested
Meerut Terror Suspect Arrest: उत्तर प्रदेश के मेरठ से सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान उजैद के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि उजैद पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी (Shahzad Bhatti) के संपर्क में था।
इतना ही नहीं, वह जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के भी संपर्क में था। दोनों के बीच पिछले करीब छह महीने से ऑनलाइन बातचीत हो रही थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उजैद ने मोहम्मद साजिद से कहा था कि वह भी फिदायीन हमला (Suicide Attack) करने के लिए तैयार है। मेरठ पुलिस ने सोमवार शाम उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद एटीएस (ATS) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (Intelligence Bureau) ने उससे पूछताछ की है।
पाकिस्तानी नंबरों से जुड़े लोगों के संपर्क में था उजैद
जांच में सामने आया है कि उजैद पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों के संपर्क में था। वह मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा का रहने वाला है। पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी।
बताया गया है कि जब उजैद और उसके परिवार को पुलिस की कार्रवाई की भनक लगी तो वे घर पर ताला लगाकर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। आखिरकार सोमवार शाम उसे मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया।
सेना पर फिदायीन हमले की थी तैयारी
इस पूरे मामले की एक अहम कड़ी मोहम्मद साजिद है। उसे जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि साजिद सेना पर फिदायीन हमला (Fidayeen Attack) करने की तैयारी कर रहा था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, साजिद पिछले कुछ समय से युवाओं को कट्टरपंथ (Radicalisation) से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के घेरे में था। उजैद भी उसके संपर्क में था। दोनों के बीच ऑनलाइन बातचीत होती थी। इसी दौरान उजैद ने साजिद से कहा था कि वह भी फिदायीन हमला करने के लिए तैयार है।
जम्मू में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था साजिद
मोहम्मद साजिद जम्मू के बठिंडी इलाके में रहकर नीट (NEET) की तैयारी कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद जब सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ की तो मेरठ के रहने वाले उजैद का नाम सामने आया।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उजैद की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। जांच में उसके पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों वाले लोगों और शहजाद भट्टी से संपर्क की जानकारी भी सामने आई।
एटीएस और आईबी ने की पूछताछ
उजैद की गिरफ्तारी के बाद उससे एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो ने पूछताछ की है। सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और मोहम्मद साजिद के साथ हुई ऑनलाइन बातचीत के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
फिलहाल इस मामले में उजैद की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और कथित आतंकी गतिविधियों में उसकी क्या भूमिका थी।