योगी ही होंगे CM या कोई नया चेहरा? केशव मौर्य के 'कमल' वाले बयान से BJP में फिर गरमाई चर्चा

UP Election 2027 CM Face: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। केशव मौर्य, पंकज चौधरी और प्रदीप वर्मा के बयानों से सवाल उठ रहा है कि क्या योगी आदित्यनाथ ही पार्टी का चेहरा होंगे?

Update:2026-11-25 14:37 IST

Keshav Prasad Maurya

UP Election 2027 CM Face: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर प्रदेश में भाजपा की दोबारा सरकार बनती है तो क्या योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर लौटेंगे या पार्टी किसी नए चेहरे को मौका देगी? दिलचस्प बात यह है कि अब तक भाजपा के किसी बड़े नेता ने योगी आदित्यनाथ को 2027 के लिए मुख्यमंत्री का घोषित चेहरा नहीं बताया है। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर उपमुख्यमंत्री और पार्टी के सह-प्रभारी तक इस सवाल पर फैसला पार्टी नेतृत्व और संसदीय बोर्ड पर छोड़ते नजर आए हैं।

ताजा चर्चा को हवा 24 नवंबर को जालौन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान से मिली। मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में भी योगी आदित्यनाथ ही भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे? इस पर केशव मौर्य ने योगी का नाम लेने के बजाय कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा 'कमल का फूल' होगा।

उनके इस जवाब के बाद राजनीतिक गलियारों में फिर सवाल उठने लगे कि क्या भाजपा 2027 का चुनाव किसी एक नेता के चेहरे के बजाय पार्टी और संगठन के नाम पर लड़ने की तैयारी कर रही है? हालांकि, केशव मौर्य के इस बयान को किसी नए मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा के तौर पर भी नहीं देखा जा सकता।

पहले भी मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा जता चुके हैं केशव मौर्य

मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर केशव प्रसाद मौर्य पहले भी अपनी बात रख चुके हैं। अगस्त 2026 में एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि उनकी भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा है, लेकिन केवल उनके चाहने से कुछ नहीं होगा। पार्टी नेतृत्व ही तय करेगा कि किसे क्या जिम्मेदारी मिलेगी।

केशव मौर्य ने उस समय यह भी स्पष्ट किया था कि चुनाव में बहुमत मिलने के बाद विधायक दल और दिल्ली से आने वाले पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करेंगे। यानी उन्होंने मुख्यमंत्री पद के फैसले को किसी एक नेता की इच्छा के बजाय पार्टी की प्रक्रिया से जोड़कर बताया था।


पंकज चौधरी ने भी संसदीय बोर्ड पर छोड़ा था फैसला

केशव प्रसाद मौर्य से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर कोई एक नाम बताने से बचते नजर आए थे। 7 सितंबर को एबीपी न्यूज को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उनसे पूछा गया था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा?

इस पर पंकज चौधरी ने कहा था कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला भाजपा का संसदीय बोर्ड करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का नाम लेते हुए कहा था कि ये सभी भाजपा के चेहरे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी मिलकर चुनाव लड़ती है और इसके बाद तय होता है कि किसे कौन-सी जिम्मेदारी मिलेगी।

प्रदीप वर्मा ने भी नहीं खोले मुख्यमंत्री चेहरे के पत्ते

मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री के बयानों के बीच पार्टी के यूपी सह-प्रभारी प्रदीप वर्मा का बयान भी चर्चा में रहा। 7 अक्टूबर 2026 को सीतापुर में मीडिया ने उनसे पूछा था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा और क्या योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे?

इस सवाल पर प्रदीप वर्मा ने कहा था कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा। उन्होंने भी किसी एक नेता के नाम पर मुहर लगाने के बजाय निर्णय का अधिकार पार्टी के संसदीय बोर्ड पर छोड़ दिया था।

तीन बड़े बयान, लेकिन योगी के नाम पर अब तक मुहर नहीं

भाजपा के इन तीनों नेताओं के बयानों को देखें तो 2027 के लिए मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पार्टी की आधिकारिक स्थिति अभी स्पष्ट नहीं होती। केशव प्रसाद मौर्य ने ताजा बयान में कमल के फूल को मुख्यमंत्री का चेहरा बताया है, जबकि अगस्त में उन्होंने विधायक दल और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की भूमिका का जिक्र किया था। दूसरी ओर, पंकज चौधरी और प्रदीप वर्मा ने मुख्यमंत्री के चयन का फैसला पार्टी के संसदीय बोर्ड पर छोड़ा था।

ऐसे में सवाल बरकरार है कि क्या भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और चेहरे पर लड़ेगी या फिर चुनाव में जीत के बाद विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा?

फिलहाल भाजपा की ओर से 2027 के लिए मुख्यमंत्री चेहरे की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री और सह-प्रभारी के अलग-अलग मौकों पर दिए गए बयानों ने इस मुद्दे को प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बना दिया है। अब निगाहें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर हैं कि वह मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कब और क्या स्थिति स्पष्ट करता है।

Similar News