अखिलेश-अंबेडकर की तस्वीर, PDA का नया नारा... संविधान दिवस से पहले लखनऊ में सियासी हलचल

Akhilesh Yadav Poster: संविधान दिवस से पहले लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव और बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर वाला पोस्टर लगाया गया। इसमें PDA को प्रेम, दया और अपनापन का संगम बताया गया है।

Update:2026-11-25 10:57 IST

Samajwadi Party Poster

Akhilesh Yadav Poster: संविधान दिवस से पहले ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए एक पोस्टर ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। पोस्टर के जरिए समाजवादी पार्टी ने संविधान, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और अपनी PDA राजनीति को एक साथ जोड़कर संदेश देने की कोशिश की है। इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बाबा साहेब की तस्वीर लगाई गई है। साथ ही लोगों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दी गई हैं।

पोस्टर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला संदेश PDA को लेकर दिया गया है। इसमें बड़े अक्षरों में लिखा गया है कि 'PDA प्रेम, दया, अपनापन का संगम है।' इस संदेश के जरिए पार्टी ने अपने PDA फॉर्मूले को सामाजिक एकता और आपसी जुड़ाव की भावना से जोड़कर पेश किया है। पोस्टर में संविधान की एकता और अखंडता को लेकर भी खास संदेश दिया गया है।

संविधान और PDA के जरिए 2027 पर नजर

समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए इस पोस्टर पर लिखा है कि 'भारत का संविधान देश की एकता और अखंडता को अपने में समेटे हुए है।' अखिलेश यादव और बाबा साहेब की तस्वीरों के साथ संविधान का यह संदेश देकर पार्टी ने सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों को अपने राजनीतिक विमर्श से जोड़ने की कोशिश की है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी लगातार PDA के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में रखने की कोशिश कर रही है। पार्टी की राजनीति में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। ऐसे में संविधान दिवस से पहले लगाया गया यह पोस्टर भी राजनीतिक संदेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजधानी में लगे इस पोस्टर ने एक बार फिर PDA और संविधान को लेकर सियासी चर्चा तेज कर दी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी इस संदेश को किस तरह अपने चुनावी अभियान का हिस्सा बनाती है।

Tags:    

Similar News