चुनाव सिर पर, लेकिन BJP युवा मोर्चा की टीम गायब! आखिर कहां अटकी पंकज चौधरी की लिस्ट?
BJP Yuva Morcha: यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी अब तक घोषित नहीं हुई है। रोहित मिश्रा भी जल्द सूची जारी होने की उम्मीद जता चुके हैं। जानिए देरी की वजह और संगठन से जुड़े सवाल।
UP BJP
BJP Yuva Morcha: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी जहां चुनावी समीकरणों को साधने के साथ प्रत्याशियों की सूची जारी करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, वहीं सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के सामने अपने संगठन को पूरी तरह तैयार करने की चुनौती है। खास तौर पर बीजेपी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की सूची अब तक जारी नहीं होने से संगठनात्मक स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, बीजेपी ने पिछले साल दिसंबर में पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश संगठन की कमान सौंपी थी। उनके नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इनमें से अधिकांश की सूची जारी हो चुकी है, लेकिन युवा मोर्चा की प्रदेश टीम का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ है। चुनावी तैयारियों के बीच युवा संगठन की टीम का गठन अधूरा रहना चर्चा का विषय बन गया है।
रोहित मिश्रा भी चाहते हैं जल्द जारी हो सूची
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में हो रही देरी को लेकर पिछले दिनों एक दिलचस्प स्थिति देखने को मिली। जब युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा से सवाल किया गया कि आखिर उनकी टीम और पदाधिकारियों की सूची अब तक क्यों जारी नहीं हुई, तो उन्होंने कहा कि वह खुद चाहते हैं कि सूची जल्द से जल्द जारी हो जाए। उनके इस जवाब से साफ है कि युवा मोर्चा के भीतर भी नई टीम के गठन का इंतजार बना हुआ है।
पंकज चौधरी समेत संगठन के वरिष्ठ नेताओं पर जिम्मेदारी
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की सूची को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े सहित संबंधित संगठनात्मक नेतृत्व की है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब बीजेपी के दूसरे मोर्चों और प्रकोष्ठों की टीमें घोषित हो चुकी हैं, तो युवा मोर्चा की सूची किस स्तर पर अटकी हुई है।
यह सवाल इसलिए भी अहम है क्योंकि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में युवाओं को अपने साथ जोड़ने और नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के सामने विपक्ष के PDA जैसे राजनीतिक समीकरणों का मुकाबला करने की चुनौती भी है। ऐसे समय में युवा मोर्चा की अपनी प्रदेश टीम का पूरी तरह घोषित नहीं होना संगठन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है।
सपा ने जारी की प्रत्याशियों की पहली सूची, BJP में इंतजार
एक तरफ समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आक्रामक नजर आ रही है। पार्टी ने चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी का युवा संगठन अब भी अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार कर रहा है।
सूची जारी होने की समयसीमा को लेकर संगठन के लोगों से बातचीत में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। जल्द सूची जारी होने की उम्मीद जरूर जताई जा रही है, लेकिन यह साफ नहीं हो सका कि युवा मोर्चा की टीम के गठन में अभी कितने दिन और लगेंगे।
युवा मोर्चा की सूची में देरी पर उठ रहे कई सवाल
अब इस देरी को लेकर सवाल सीधे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के संगठनात्मक नेतृत्व से जुड़ रहे हैं। आखिर युवा मोर्चा की सूची जारी करने में इतनी देर क्यों हो रही है? क्या पदाधिकारियों के नामों पर सहमति नहीं बन पा रही है या फिर प्रदेश संगठन के भीतर जिम्मेदारियों और नामों को लेकर कोई खींचतान है? जब दूसरे मोर्चों की कार्यकारिणी घोषित हो चुकी है, तो युवा मोर्चा के मामले में अलग स्थिति क्यों बनी हुई है?
सबसे अहम सवाल यह है कि क्या चुनावी तैयारियों के बीच युवा मोर्चा को बिना पूरी प्रदेश टीम के मैदान में उतारना संगठन के लिए चुनौती नहीं बनेगा? साथ ही, सूची जारी करने की समयसीमा क्या है और इसकी अंतिम तारीख कौन तय करेगा?
2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ बीजेपी के सामने विपक्ष की रणनीति का जवाब देने के अलावा अपने संगठन को समय रहते सक्रिय और मजबूत बनाने की भी जिम्मेदारी है। युवा मोर्चा किसी भी राजनीतिक दल के लिए युवाओं तक पहुंचने का अहम माध्यम होता है। ऐसे में उसकी प्रदेश टीम का लंबे समय तक अधूरा रहना कई सवाल खड़े कर रहा है।
अब देखना होगा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी युवा मोर्चा की कार्यकारिणी का इंतजार कब खत्म करते हैं या फिर इस सूची के जारी होने में अभी और समय लगने वाला है।