Meerut News: शिवभक्तों के स्वागत को मेरठ पहुंचेंगे सीएम योगी, कांवड़ मार्ग का करेंगे हवाई निरीक्षण
Meerut News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ में शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा से स्वागत करेंगे। सीएम हिंडन से मेरठ तक कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।
CM Yogi Meerut Visit (Image Credit-Social Media)
लखनऊ/मेरठ, 7 अगस्त। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे। इसके साथ ही वह हिंडन से मेरठ तक कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों की आस्था और श्रद्धा के प्रति सम्मान के साथ-साथ प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर किए जा रहे इंतजामों का निरीक्षण करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिंडन से मेरठ तक कांवड़ मार्ग का करेंगे हवाई सर्वेक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिंडन एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए मेरठ पहुंचेंगे। इस दौरान वह हिंडन से मेरठ तक कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के पास बनाए गए मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंच, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए शोभित विश्वविद्यालय परिसर में हेलिपैड तैयार किया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू), एंटी-सबोटाज टीम और बम निरोधक दस्ते की ओर से लगातार जांच की जा रही है। कांवड़ मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
शुक्रवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी सिटी ने ड्रोन कैमरे के जरिए मोदीपुरम से रुड़की रोड तक कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
कांवड़ियों के लिए चिकित्सा, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी है। कांवड़ मार्ग पर चिकित्सा शिविर, पेयजल, विश्राम स्थल और स्वच्छता की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस समय कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ दौरा और कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के सम्मान और उनकी आस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश देने वाला माना जा रहा है।