Delhi 6 Murder Case: 10 साल पहले 6 हत्याओं से दहला था परिवार, अब 10 घंटे की पैरोल पर आकर किया निकाह
Delhi 6 Murder Case: दिल्ली के चर्चित छह लोगों की हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में बंद दोषी वाजिद 10 घंटे की पैरोल पर गांव पहुंचा और पुलिस हिरासत में निकाह किया। जानिए कैसे व्यापारी परिवार के छह लोगों की हत्या कर शवों को दफनाया गया था।
Ai Edited Image
Delhi 6 Murder Case: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर उस हाई प्रोफाइल हत्याकांड की चर्चा तेज हो गई, जिसने करीब दस साल पहले दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को हिला दिया था। दिल्ली के एक फर्नीचर व्यापारी और उसके परिवार के छह लोगों की हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहा समौली गांव निवासी वाजिद सोमवार को 10 घंटे की पैरोल पर अपने पैतृक गांव पहुंचा।
दिल्ली पुलिस आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच गांव लेकर पहुंची, जहां उसने मेरठ के पावटी अफजलपुर निवासी नसीम अहमद अंसारी की बेटी यासमीन के साथ निकाह किया। बताया गया कि दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार भी हैं। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को वापस तिहाड़ जेल लेकर चली गई।
दस साल पहले सामने आया था हत्याकांड
रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब दस साल पहले दिल्ली के एक फर्नीचर व्यापारी और उसके परिवार के छह लोगों की हत्या का मामला सामने आया था। इस पूरे मामले ने दिल्ली से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सनसनी फैला दी थी। बताया जा रहा है कि, व्यापारी के नौकर वाजिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। जिस दौरान उसने व्यापारी और उसके दो बेटों की हत्या करने के बाद उनके शव दिल्ली स्थित फ्लैट में गड्ढा खोदकर दबा दिए थे।
इसके बाद व्यापारी की पत्नी और दो बेटियों को मुजफ्फरनगर लाने के दौरान आरोपी ने अपने समौली निवासी साथियों के साथ मिलकर उनकी भी हत्या कर दी थी। शवों को समौली अख्तियारपुर घाट पर काली नदी के किनारे दफना दिया गया था। करीब एक सप्ताह बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सभी शव बरामद किए थे। उसी मामले में समौली निवासी वाजिद पिछले दस साल से तिहाड़ जेल में बंद है।
पुलिस हिरासत में गांव पहुंचा आरोपी
जिसके बाद सोमवार को दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी वाजिद को लेकर दौराला थाने पहुंची। यहां से स्थानीय थाना पुलिस को साथ लेकर टीम बमौरी गांव पहुंची। जहां करीब 10 घंटे की पैरोल के दौरान वाजिद का निकाह कराया गया। पूरे समय आरोपी पुलिस हिरासत में रहा। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद पुलिस उसे वापस दिल्ली लेकर चली गई।
वहीं इस घटना के बाद इलाके में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। लोग उस पुराने हत्याकांड को याद करते नजर आए, जिसने एक समय पूरे इलाके को दहला दिया था।