Meerut News: होटल कांड में मैनेजर और मालिक गिरफ्तार, अब तक तीन पकड़े गए

Meerut News: आबूलेन होटल में युवती से मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने मैनेजर कृष्णा और मालिक गोविंद चौरसिया को दबोचा, मुख्य आरोपी सलमान पहले ही गिरफ्तार।

Update:2026-11-26 20:38 IST

होटल कांड में मैनेजर और मालिक गिरफ्तार, अब तक तीन पकड़े गए (Photo- Newstrack)

Meerut News: आबूलेन स्थित होटल में युवती से दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मुख्य आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के बाद अब होटल मैनेजर और मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को कैंट रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। इस मामले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों और पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान होटल मैनेजर कृष्णा (38) निवासी गांव पाबला और होटल मालिक गोविंद चौरसिया (25) निवासी बुढ़ाना गेट के रूप में हुई है। सदर बाजार थाना पुलिस ने दोनों को 25 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर कैंट रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान दोनों के नाम सामने आए थे।

मुख्य आरोपी मुठभेड़ में हो चुका है गिरफ्तार

इस मामले में मुख्य आरोपी सलमान (29) निवासी शाहपुर जैननगर, थाना रोहटा को पुलिस बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है। मुठभेड़ में घायल सलमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया था।

होटल से जान बचाकर भागी थी युवती

मामला मंगलवार को उस समय सामने आया था, जब आबूलेन स्थित होटल से एक युवती 'बचाओ-बचाओ' चिल्लाते हुए बाहर भागी थी। आरोप है कि उसके पीछे आया एक युवक उसे पकड़कर वापस होटल के अंदर खींचने लगा। युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान युवक होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया। घटना का वीडियो होटल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।

वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने सलमान पर मारपीट, दुष्कर्म और बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मैनेजर पर पहले से दो मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, होटल मैनेजर कृष्णा के खिलाफ पहले से एनडीपीएस अधिनियम के तहत टीपीनगर थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। होटल मालिक गोविंद चौरसिया का नाम इस मामले की विवेचना में सामने आया है।

पुलिस ने होटल को सील कर दिया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पहले ही होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों की जांच कराने और किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई करने की बात कही थी। होटल को स्थायी रूप से सील कराने के लिए जिला प्रशासन, मेरठ विकास प्राधिकरण और छावनी परिषद को भी पत्र भेजा गया है।

Tags:    

Similar News