जयंत चौधरी ने बदली रालोद की युवा टीम, तीन प्रकोष्ठों को मिले नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
Meerut News: जयंत चौधरी ने रालोद के तीन प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां कीं। अरुण चौधरी, अमन पांडेय और पूर्व विधायक जाहिद अंसारी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रालोद के नवनियुक्त पदाधिकारी जाहिद अंसारी और अमन पांडेय
Meerut News: उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अपने तीन प्रमुख प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां की हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने युवा, छात्र और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्षों की घोषणा की है। इन नियुक्तियों को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और युवाओं के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, राजस्थान निवासी अरुण चौधरी को युवा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, छात्र प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी अमन पांडेय को सौंपी गई है। अमन पांडेय अब तक उत्तर प्रदेश में छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। वह लखनऊ के निवासी हैं।
इसके अलावा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मुरादाबाद निवासी पूर्व विधायक जाहिद अंसारी को नियुक्त किया गया है। वह वर्ष 2007 में रालोद के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से जारी सूचना में उनका नाम स्पष्ट नहीं किया गया है।
तीनों नियुक्तियों के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, विनय प्रधान, सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव आतिर रिजवी और महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर ने शुभकामनाएं दीं।
सांसद राजकुमार सांगवान, सांसद चंदन सिंह चौहान, सुनील रोहटा, पूर्व विधायक विनोद कुमार हरित, दिलप्रीत कोहली, ऋचा सिंह, अक्षय अतलपुर, आशीष उर्फ पिंटू, मेहरपाल सिंह काकरान, नईम सागर, गौरव जिटोली, रणबीर दहिया और डॉ. इकबाल मलिक ने भी नियुक्तियों का स्वागत किया।