Meerut News: नमो भारत की रफ्तार होगी और तेज, 52 अतिरिक्त ट्रिप्स चलेंगी, हर आठ मिनट में मिलेगी ट्रेन
Meerut News: कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए एनसीआरटीसी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 30 जुलाई से 14 अगस्त तक 52 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाने का फैसला किया है।
Meerut News
Meerut News: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क मार्गों पर बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। एनसीआरटीसी ने 30 जुलाई से 14 अगस्त तक प्रतिदिन 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स चलाने का फैसला किया है। इसके बाद नमो भारत ट्रेनें हर 10 मिनट के बजाय हर आठ मिनट पर उपलब्ध होंगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-हरिद्वार मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध लागू होने और भारी जाम की स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। एनसीआरटीसी का मानना है कि इस दौरान नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।फिलहाल दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं। अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू होने के बाद यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा और भीड़ का दबाव भी कम होगा। यदि जरूरत पड़ी तो ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी को और बढ़ाने की भी तैयारी रखी गई है।
मेरठ के यात्रियों के लिए राहत की बात यह भी है कि नमो भारत सेवा के साथ मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेरठ मेट्रो भी संचालित हो रही है, जिससे शहर के भीतर आने-जाने वालों को सुगम और तेज परिवहन सुविधा मिल रही है।एनसीआरटीसी के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ स्टेशनों की पार्किंग व्यवस्था सड़क बंद होने के कारण अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को समय रहते सूचना दी जाएगी। दिल्ली में सीआईएसएफ और उत्तर प्रदेश में यूपीएसएसएफ के सहयोग से सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।एनसीआरटीसी का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जब सड़क परिवहन अनिश्चित और चुनौतीपूर्ण हो जाता है, तब नमो भारत अपनी तेज गति, समयबद्धता और विश्वसनीय सेवा के कारण दैनिक यात्रियों, छात्रों और कार्यालय आने-जाने वाले लोगों के लिए सबसे भरोसेमंद विकल्प साबित होगी।