Meerut News: मां-बाप का साया छिना, योगी सरकार बनी सहारा; 1,986 बच्चों को मिल रही हर महीने आर्थिक मदद
Meerut News: मेरठ में मुख्यमंत्री बाल स्पॉन्सर योजना के तहत 1,986 बच्चों को हर महीने ₹4,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना का उद्देश्य बच्चों की शिक्षा, पोषण और जरूरी जरूरतों को पूरा करना है।
Meerut News
Meerut News: माता-पिता का साया खो चुके और आर्थिक संकट से जूझ रहे बच्चों के लिए मुख्यमंत्री बाल स्पॉन्सर योजना नई उम्मीद बनकर उभरी है। योजना के तहत मेरठ जिले में 1,986 बच्चों को हर महीने चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, ताकि उनकी पढ़ाई, पोषण और अन्य जरूरी जरूरतें आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित न हों।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव ने बताया कि योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है, जिन्होंने माता-पिता अथवा परिवार के कमाऊ सदस्य को खो दिया है या जो अन्य विशेष परिस्थितियों में संरक्षण के पात्र हैं। सहायता राशि सीधे बच्चे के अभिभावक या संरक्षक के बैंक खाते में भेजी जाती है।उन्होंने कहा कि योजना से जुड़े बच्चों की नियमित निगरानी भी की जाती है, ताकि उन्हें समय पर सहायता मिलती रहे। विभाग लगातार पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ रहा है, जिससे कोई भी जरूरतमंद बच्चा सरकारी सहायता से वंचित न रह जाए।अनुपम यादव ने पात्र परिवारों से अपील की कि यदि कोई बच्चा योजना की पात्रता पूरी करता है तो संबंधित अभिलेखों के साथ जिला प्रोबेशन कार्यालय में आवेदन करें, ताकि उसे भी समय पर योजना का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री बाल स्पॉन्सर योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे अभिभावक या संरक्षक के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है, जिससे बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और दैनिक आवश्यकताओं का खर्च उठाने में मदद मिलती है। योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित होने से रोकना और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य उपलब्ध कराना है।