Meerut News: मेरठ में नौकरी का महाकुंभ 17 जून को, 50 से ज्यादा कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन

Meerut News: मेरठ के साकेत स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में 17 जून को विशाल रोजगार मेले का आयोजन होगा, जिसमें 50 से अधिक कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।

Update:2026-06-15 17:43 IST

Meerut News

Meerut News: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 17 जून का दिन बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। मेरठ के साकेत स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में विशाल रोजगार मेले का आयोजन होगा, जहां 50 से अधिक नामी कंपनियां एक ही छत के नीचे युवाओं का इंटरव्यू लेकर चयन करेंगी। प्रशासन को उम्मीद है कि मेरठ मंडल के छह जिलों से पांच हजार से अधिक युवा इस मेले में पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रोजगार और कौशल विकास नीति के तहत आयोजित इस मेले में तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बीटेक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है। कई कंपनियां रोजगार के साथ-साथ अप्रेंटिसशिप के अवसर भी देंगी, जिससे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ करियर बनाने का अवसर मिलेगा।जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से सभी मूल शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाणपत्र, उनकी छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड साथ लाने की अपील की है।

एलएंडटी से लेकर हेल्थकेयर कंपनियां तक रहेंगी मौजूद

मेले में एलएंडटी, एसडीवी एडुटेक प्राइवेट लिमिटेड, सीडैक, लेगप्रो सोल्यूशन, आरएसटी ग्रुप ऑफ सर्विस, होली हर्ब्स, पुखराज हेल्थ केयर, डॉ. रेड्डी फाउंडेशन और जैन क्लीन टेक प्राइवेट लिमिटेड सहित 50 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। विभिन्न क्षेत्रों की ये कंपनियां तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पदों के लिए भर्ती करेंगी।

मेरठ ही नहीं, आसपास के जिलों में भी मिलेंगी नौकरियां

रोजगार मेले का लाभ मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के युवाओं को मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती मेरठ के अलावा हापुड़, बागपत और एटा समेत विभिन्न स्थानों पर की जाएगी।प्रशासन का मानना है कि यह मेला केवल भर्ती कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। एक ही दिन में हजारों युवाओं को दर्जनों कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलने से रोजगार के नए द्वार खुलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News