Meerut News: मिली ज्वैलरी हब की सौगात, 800 करोड़ का ज्वैलरी पार्क बदलेगा सर्राफा कारोबार की तस्वीर

Meerut News: मेरठ में 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ज्वैलरी पार्क सर्राफा कारोबार को नई दिशा देगा। इससे रोजगार, निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Update:2026-06-17 13:12 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सर्राफा कारोबार को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मेरठ में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ज्वैलरी पार्क विकसित किया जाएगा। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने बुधवार को व्यापारियों के सामने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का डिजाइन और स्वरूप प्रस्तुत किया। वेदव्यासपुरी में बनने वाला यह ज्वैलरी पार्क अपने अनोखे वास्तुशिल्प के कारण भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। पूरी इमारत को मुकुट (क्राउन) के आकार में तैयार किया जाएगा, जबकि इसका मुख्य प्रवेश द्वार झुमके की आकृति में होगा।

पीएल शर्मा रोड स्थित एक सभागार में आयोजित प्रस्तुतीकरण के दौरान मेडा अधिकारियों ने व्यापारियों को परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ज्वैलरी पार्क केवल व्यापारिक परिसर नहीं होगा, बल्कि आभूषण उद्योग से जुड़ी सभी गतिविधियों का एकीकृत केंद्र बनेगा। यहां उत्पादन से लेकर प्रदर्शन, बिक्री, बैंकिंग और निर्यात तक की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

मेडा अधिकारियों के अनुसार करीब 36 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस पार्क में आधुनिक शोरूम, थोक व्यापार केंद्र, कारीगरों की कार्यशालाएं, उत्पादन इकाइयां, प्रदर्शनी स्थल, बैंकिंग सेवाएं और साझा सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य मेरठ के पारंपरिक सर्राफा उद्योग को आधुनिक बुनियादी ढांचे से जोड़ते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना है।

बैठक में अधिकारियों ने आवंटन प्रक्रिया, प्रस्तावित दरों, निवेश संभावनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी। व्यापारियों ने परियोजना को लेकर उत्साह दिखाया और विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कई कारोबारियों ने इसे मेरठ के सर्राफा उद्योग के लिए गेम चेंजर बताते हुए कहा कि इससे कारोबार को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

ज्वैलरी पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। परिसर में अलग-अलग व्यापारिक खंडों के लिए पृथक प्रवेश व्यवस्था होगी। साथ ही खरीदारों और विक्रेताओं के ठहरने की सुविधा, पार्किंग, निगरानी प्रणाली और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना मेरठ को देश के प्रमुख ज्वैलरी निर्माण और व्यापार केंद्रों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ज्वैलरी पार्क के निर्माण से स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और निर्यातकों को एक साझा मंच मिलेगा, जिससे मेरठ का सर्राफा कारोबार नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकेगा।

Tags:    

Similar News