Meerut News: मेरठ से हरिद्वार कूच, भाकियू के चिंतन शिविर में बनेगी बड़े आंदोलन की रणनीति
Meerut News: मेरठ से हजारों किसान भाकियू के चिंतन शिविर में शामिल होने हरिद्वार रवाना हुए। शिविर में किसानों की समस्याओं पर चर्चा के साथ मेरठ कमिश्नरी पर बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
Meerut News
Meerut News: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के चार दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए मेरठ से हजारों किसान कार्यकर्ता सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ हरिद्वार रवाना हुए। संगठन का कहना है कि शिविर में किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर मंथन के साथ मेरठ कमिश्नरी पर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
भाकियू मेरठ के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का जत्था हरिद्वार पहुंच रहा है। वहां लाल कोठी में मेरठ इकाई का कैंप कार्यालय बनाया गया है, जहां किसानों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए लंगर भंडारा भी शुरू किया गया है।अनुराग चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय चिंतन शिविर में देश और प्रदेश के किसानों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर मेरठ कमिश्नरी पर किसानों की समस्याओं को लेकर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
भाकियू के अनुसार स्मार्ट मीटर, किनौनी चीनी मिल के बकाया भुगतान, चीनी आपूर्ति, जर्जर बिजली तार, खाद की उपलब्धता और सहकारी समितियों में ब्याज संबंधी कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। संगठन का कहना है कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा।रवाना होने वाले प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में राजपाल, नरेश मवाना, मेजर सुरेंद्र, अनूप यादव, ऋषिपाल, सत्येंद्र, सुनील, आशीष, डीके, जोनी, रामफल शर्मा, पप्पन जाटव, जज सिंह और बंटी सरदार सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।