Meerut News: मेरठ में ईंट से हमला कर युवक की हत्या के दोषी को आजीवन कारावास, 55 हजार का जुर्माना

Meerut News: मेरठ के कोतवाली क्षेत्र में सात साल पुराने ईंट से हमला कर हत्या के मामले में दोषी दिनेश को आजीवन कारावास और 55 हजार रुपये का जुर्माना

Update:2026-11-27 22:57 IST

Meerut News:  कोतवाली क्षेत्र में करीब साढ़े सात साल पहले ईंट से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में अदालत ने एक आरोपी को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने दोषी दिनेश पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा गाली-गलौज के मामले में दो साल का कठोर कारावास और पांच हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 मई 2019 को तारेश कुमार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि दिनेश पुत्र चंद्रभान और दो अज्ञात लोगों ने उनके भतीजे रोहित उर्फ कल्लू के सिर पर जान से मारने की नीयत से ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके बाद परिजनों ने उसे आनंद अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर 22 मई को दिल्ली स्थित एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। उपचार के दौरान तीन जून 2019 को उसकी मौत हो गई।

अज्ञात आरोपियों की भूमिका नहीं हुई साबित

रोहित की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा 302 बढ़ा दी। विवेचना में दो अज्ञात आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने दिनेश के खिलाफ हत्या और गाली-गलौज की धाराओं में आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया।

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हुई प्रभावी पैरवी

पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत कोतवाली पुलिस और अभियोजन पक्ष ने अदालत में प्रभावी पैरवी की। कोर्ट पैरोकार कांस्टेबल बृजेश कुमार ने अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय बनाया। इसके बाद शुक्रवार को अदालत ने दिनेश को दोषी ठहराते हुए कठोर आजीवन कारावास और कुल 55 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Tags:    

Similar News