Meerut: फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप, मेटा अलर्ट मिलते ही पहुंची पुलिस, 24 वर्षीय युवक की बचाई जान

Meerut News: मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में फेसबुक पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करने वाले 24 वर्षीय युवक की जान पुलिस की तत्परता से बच गई।

Update:2026-11-16 21:40 IST

Meerut News

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने संबंधी एक पोस्ट ने पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया। फेसबुक पर 24 वर्षीय युवक की पोस्ट की जानकारी मेटा से मिलते ही मेरठ पुलिस सक्रिय हो गई। परीक्षितगढ़ थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए गांव पहुंचकर युवक को सुरक्षित किया और उसकी काउंसलिंग कर जान बचा ली। बाद में युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

मामला परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर आलमपुर का है। पुलिस के अनुसार, 15 और 16 नवंबर की मध्यरात्रि युवक ने फेसबुक पर आत्महत्या करने संबंधी पोस्ट की थी। सोशल मीडिया मंच मेटा की ओर से मिले अलर्ट के आधार पर पुलिस को इसकी जानकारी हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परीक्षितगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।थाना प्रभारी केदार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत कर उसकी काउंसलिंग की और उसे समझाकर आत्मघाती कदम उठाने से रोका। इसके बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया, ताकि युवक को भावनात्मक सहयोग मिल सके।

क्षेत्राधिकारी सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि मेटा से मिले अलर्ट पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। समय रहते मौके पर पहुंचने और युवक की काउंसलिंग करने से उसकी जान बचाई जा सकी।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी केदार सिंह, उपनिरीक्षक वासू मिश्रा और कांस्टेबल सूरज सिंह, विवेक कुमार तथा संजीव कुमार शामिल रहे। पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की परिजनों एवं ग्रामीणों ने सराहना की।

Tags:    

Similar News