'जहां 400 साल पढ़ी नमाज, वहां जा रहे अखिलेश', ओवैसी ने अयोध्या दौरे पर दागे तीखे सवाल
UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम-दलित राजनीति को धार देने के लिए असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला है। अयोध्या में राम मंदिर जाने के अखिलेश के फैसले पर सवाल उठाते हुए ओवैसी ने बाबरी मस्जिद, मुजफ्फरनगर दंगों और PDA के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया।
मेरठ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जहां मुस्लिम-दलित-पिछड़ा वोट बैंक को अपने साथ बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नया मोर्चा बनाकर इस समीकरण में सेंध लगाने की तैयारी कर दी है। इसी रणनीति के तहत मेरठ में आयोजित पहली रैली से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर ऐसा हमला बोला, जिसने यूपी की सियासत में हालचल बढ़ गई है।
ओवैसी ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर बाबरी मस्जिद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, 'अखिलेश उस जगह जा रहे हैं, जहां हमने 400 साल तक नमाज पढ़ी।' उनका सीधा इशारा उस स्थान की ओर था, जहां कभी बाबरी मस्जिद हुआ करती थी और जिसे 6 दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने ढहा दिया था।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने वाले हैं। जनवरी 2024 में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनका पहला प्रस्तावित दौरा होगा। सुप्रीम कोर्ट ने 2019 में अपने फैसले में विवादित जमीन राम मंदिर निर्माण के लिए हिंदू पक्ष को सौंप दी थी।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर ओवैसी का सीधा हमला
ओवैसी ने सवाल उठाया कि अखिलेश यादव उन जगहों पर क्यों नहीं जाते, जहां मस्जिदों और मदरसों को गिराया गया है? उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव PDA की बात करते हैं, लेकिन उनके लिए PDA का असली मतलब कुछ और है।
ओवैसी ने तंज कसते हुए PDA का नया अर्थ भी बता दिया। उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव PDA की बात करते हैं। लेकिन PDA का असली मतलब है- पलट दिया अखिलेश।'
ओवैसी का यह हमला केवल अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे तक सीमित नहीं था। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पुराने शासनकाल और मुस्लिमों के साथ उसके कथित राजनीतिक व्यवहार को भी निशाने पर लिया।
मुजफ्फरनगर दंगों से सैफई तक, अखिलेश को घेरा
मेरठ की रैली में ओवैसी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब मुजफ्फरनगर में हिंसा हुई और करीब 50 हजार लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े।
ओवैसी ने कहा कि उस समय समाजवादी पार्टी के पास 47 मुस्लिम विधायक थे, लेकिन इसके बावजूद मुस्लिमों के लिए कुछ नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोग हिंसा और विस्थापन का सामना कर रहे थे, तब अखिलेश यादव सैफई में नाच-गाने का कार्यक्रम देख रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में सपा सरकार ने राहत शिविरों को हटवा दिया था।
ओवैसी ने मेरठ के हाशिमपुरा नरसंहार का मुद्दा उठाकर कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि 22 मई 1987 को इसी मेरठ में 42 मुस्लिमों की हत्या हुई थी और उस समय उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। इस तरह ओवैसी ने सपा और कांग्रेस दोनों को मुस्लिम राजनीति के नाम पर घेरने की कोशिश की।
'BJP को हराने के नाम पर कब तक वोट देंगे मुस्लिम?'
ओवैसी ने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने दलितों और मुस्लिमों से भाजपा को हराने में सक्षम पार्टी को वोट देने की अपील की थी।
AIMIM प्रमुख ने पूछा कि क्या समाजवादी पार्टी ने 2014, 2017, 2019 और 2022 में भाजपा को हरा दिया था? उनका आरोप था कि हर चुनाव में मुस्लिमों से भाजपा को रोकने के नाम पर वोट मांगे जाते हैं, लेकिन सत्ता और राजनीतिक हिस्सेदारी की बात आने पर उन्हें पीछे छोड़ दिया जाता है।
ओवैसी ने साफ संकेत दिया कि अब उनका गठबंधन मुस्लिमों से किसी दूसरी पार्टी के पीछे चलने की अपील नहीं करेगा। उन्होंने कहा, 'हम अब किसी राजनीतिक पार्टी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे, किसी के सामने भीख नहीं मांगेंगे और न ही किसी के लिए कालीन बिछाएंगे।'
चंद्रशेखर आजाद को CM चेहरा बनाकर बड़ा दांव
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है। मेरठ में इसी गठबंधन की पहली रैली आयोजित की गई। गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने का संकेत दिया है।
ओवैसी ने चंद्रशेखर के साथ गठबंधन पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा, 'लोग मुझसे पूछते हैं कि असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद से हाथ क्यों मिलाया? मैं कहता हूं कि सिर्फ हाथ नहीं मिलाए, हमारे दिल भी मिल गए हैं।'
दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। यह गठबंधन खुद को भाजपा के नेतृत्व वाले NDA के साथ-साथ सपा और कांग्रेस के विकल्प के रूप में पेश कर रहा है।
हालांकि, दोनों दलों का पिछला चुनावी रिकॉर्ड बहुत मजबूत नहीं रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने करीब 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। वहीं आजाद समाज पार्टी भी करीब 20 सीटों पर चुनाव लड़कर खाता नहीं खोल पाई थी।
पुलिस एनकाउंटर, गन्ना और किसानों पर भी खेला दांव
ओवैसी ने अपने भाषण में कानून-व्यवस्था और पुलिस एनकाउंटर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि देश में दर्ज करीब 670 नफरती भाषणों में से लगभग 75 फीसदी उत्तर प्रदेश में हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस एनकाउंटर की कार्रवाई में मुस्लिमों को असमान रूप से निशाना बनाया गया है।
हालांकि, उन्होंने विकास दुबे, सुमित गुर्जर और पुष्पेंद्र यादव जैसे नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पार्टी हर तरह के एनकाउंटर के खिलाफ है। ओवैसी ने कहा, 'राज्य में बंदूक का नहीं, कानून का राज होगा। खाकी वर्दी को भी जवाबदेह बनाया जाएगा।'
किसानों को साधने के लिए उन्होंने कर्जमाफी और गन्ने का उचित मूल्य देने का वादा किया। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की मांग भी उठाई।
2027 में मुस्लिम-दलित वोट बैंक पर सीधी लड़ाई
दरअसल, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नया गठबंधन यूपी की उस राजनीति में जगह बनाने की कोशिश कर रहा है, जहां मुस्लिम और दलित वोट लंबे समय से सत्ता के समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
अखिलेश यादव PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस भी इसी वोट बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है। ऐसे में ओवैसी का नया मोर्चा सपा-कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है।
ओवैसी ने 1857 की क्रांति का जिक्र करते हुए मेरठ की ऐतिहासिक भूमिका भी याद दिलाई और कहा कि उस समय रमजान के दौरान अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी गई थी। उन्होंने अगले साल होने वाले चुनाव के रमजान के दौरान पड़ने की संभावना का भी जिक्र किया।
साफ है कि ओवैसी का निशाना सिर्फ भाजपा नहीं, बल्कि अखिलेश यादव की मुस्लिम-दलित राजनीति भी है। 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर पेश करना इस बात का संकेत है कि 2027 में मुस्लिम वोटों पर सपा की दावेदारी को खुली चुनौती देने की तैयारी हो चुकी है।