यूपी में अजय माकन को बड़ी जिम्मेदारी! कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम करेंगे तय

UP Election 2027: कांग्रेस ने यूपी, पंजाब समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटियां गठित कीं। अजय माकन यूपी और सिरिवेला प्रसाद पंजाब में उम्मीदवारों के चयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Update:2026-11-16 22:41 IST

लखनऊ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार, 16 नवंबर को उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन कर दिया। इन कमेटियों की जिम्मेदारी संभावित उम्मीदवारों के नामों की छंटनी और उनकी चुनावी दावेदारी का आकलन करना होगा।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोषाध्यक्ष अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। उनके साथ असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को कमेटी में सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पंजाब में डॉ. सिरिवेला प्रसाद स्क्रीनिंग कमेटी की अगुवाई करेंगे। उनके साथ सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा को शामिल किया गया है।

पांच राज्यों के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटियां

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, सभी पांच राज्यों में तत्काल प्रभाव से स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया गया है।

राज्यवार जिम्मेदारियां इस प्रकार हैं:

- उत्तर प्रदेश: अध्यक्ष अजय माकन, सदस्य असलम शेख और बीवी श्रीनिवास।

- पंजाब: अध्यक्ष डॉ. सिरिवेला प्रसाद, सदस्य सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा।

- उत्तराखंड: अध्यक्ष दीपा दासमुंशी, सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया।

- गोवा: अध्यक्ष केजे जॉर्ज, सदस्य सतेज डी. पाटिल और शफी परम्बिल।

- मणिपुर: अध्यक्ष बीएम संदीप, सदस्य हिबी ईडन और राजेश ठाकुर।

उम्मीदवारों के चयन में अहम होगी स्क्रीनिंग कमेटी की भूमिका

कांग्रेस की इन स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है। कमेटियां संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार करेंगी और उनकी राजनीतिक स्थिति, संगठन में सक्रियता तथा चुनाव जीतने की संभावनाओं के आधार पर नामों की छंटनी करेंगी। इसके बाद उम्मीदवारों के नाम पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखे जाएंगे।

इन समितियों में संबंधित राज्यों के प्रभारी महासचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और प्रभारी महासचिव से जुड़े एआईसीसी सचिव पदेन सदस्य होंगे।

यूपी में दिसंबर से शुरू होगा कांग्रेस का चुनावी अभियान

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। 16 नवंबर को सामने आई जानकारी के मुताबिक, पार्टी दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने की तैयारी में है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैलियों और यात्राओं की भी योजना बनाई जा रही है।

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी वाड्रा को दिए जाने की खबर भी सामने आई है। अखिलेश यादव ने भी संकेत दिया है कि इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सीटों पर आपसी सम्मान तथा मजबूत उम्मीदवारों के आधार पर फैसला होगा।

स्क्रीनिंग कमेटियों के गठन को कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अगला बड़ा कदम माना जा रहा है। पार्टी अब संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को भी व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना चाहती है।

चुनाव आयोग की ओर से अभी मतदान की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। पांचों राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

Tags:    

Similar News