Meerut News: ई-स्कूटी से दफ्तर पहुंचे विनीत शारदा, ऊर्जा बचत और ई-वाहन अपनाने का दिया संदेश
Meerut News: मेरठ में भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने ई-स्कूटी से कार्यालय पहुंचकर ऊर्जा संरक्षण और ई-वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने बुधवार को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश देते हुए इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने कार्यालय पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने व्यापारियों और युवाओं से पेट्रोल-डीजल वाहनों का कम उपयोग करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील की।
विनीत अग्रवाल शारदा दोपहर करीब दो बजे सुशांत सिटी सेक्टर-5 स्थित अपने आवास से इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर शास्त्री नगर स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में कई व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी ऊर्जा संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया ऊर्जा संकट और बढ़ते प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है। ऐसे समय में हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह ईंधन की बचत और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हरित ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और समाज के हर वर्ग को इसमें योगदान देना चाहिए।
विनीत शारदा ने आगे कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि वह भविष्य में पेट्रोल आधारित वाहनों का उपयोग न्यूनतम करेंगे और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि हर नागरिक ऊर्जा संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे तो भारत न केवल आर्थिक रूप से मजबूत होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी वैश्विक नेतृत्व कर सकता है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनकी इस पहल को प्रेरणादायक बताया।