Meerut News: रालोद महिला अधिवेशन में गूंजा महिला सशक्तिकरण का मुद्दा

Meerut News: गाजियाबाद के कविनगर में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल महिला अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और संगठन विस्तार पर जोर दिया गया।

Update:2026-05-09 20:30 IST

Meerut News: राष्ट्रीय लोकदल (महिला प्रकोष्ठ) की ओर से गाजियाबाद के कविनगर में आयोजित महिला अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और संगठन विस्तार के मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर मेरठ मंडल से पहुंचीं महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक और सामाजिक रूप से खास बना दिया। अधिवेशन में महिलाओं की राजनीति और समाज में बढ़ती भागीदारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रालोद के राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी का आयोजक इन्द्राणी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मंच पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर नेताओं का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के ध्येय वाक्य “संगठन हमारा आधार, सेवा हमारा संस्कार” के साथ हुई।अपने संबोधन में त्रिलोक त्यागी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और राजनीति समेत हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षित महिला केवल परिवार नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी को शिक्षित और संस्कारित करती है। महिला परिवार की वह धुरी है, जो मां, बहन, पत्नी और बेटी के रूप में रिश्तों को जोड़कर समाज को मजबूती देती है। उन्होंने कहा कि समाज को महिलाओं को केवल उपभोग की वस्तु समझने की मानसिकता बदलनी होगी और उन्हें शक्ति, संस्कार और नेतृत्व के प्रतीक के रूप में स्वीकार करना होगा।कार्यक्रम में इन्दिरा कपिलावे, तृषपाल मलिक, ऋचा सिंह, इन्द्रजीत सिंह टीटू, विनय प्रधान, दीलपरीत कोहली, दीपमाला, डॉ रेखा चौधरी और सुमन चौधरी समेत बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News