Meerut News: गन्ने के खेतों में दिखा तेंदुआ, वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
Meerut News: मेरठ के मवाना क्षेत्र के मोडकला गांव में गन्ने के खेतों में तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ने घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे निगरानी में रखा गया है।
Meerut News
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के मवाना तहसील क्षेत्र स्थित मोडकला गांव में गुरुवार को उस समय दहशत फैल गई, जब ग्रामीणों ने गन्ने के खेतों के पास तेंदुए को घूमते देखा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, ट्रैंक्विलाइजेशन विशेषज्ञ और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। कई घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक सुबह खेतों की ओर गए लोगों ने अचानक तेंदुए की हलचल देखी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस और वन विभाग ने इलाके की घेराबंदी कर लोगों को खेतों के पास जाने से रोक दिया।सामाजिक वानिकी प्रभाग मेरठ की प्रभागीय निदेशक वंदना ने बताया कि तेंदुए को राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ग्रामीणों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए को फिलहाल सुरक्षित निगरानी में रखा गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट सामान्य आने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दे तो भीड़ न लगाएं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें। अधिकारियों का मानना है कि आसपास के गन्ने के घने खेतों के कारण जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं।