Meerut News: मेरठ में अवैध हथियारों का नेटवर्क बेनकाब, दो आरोपी दबोचे

Meerut News: मेरठ में कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पिस्टल और देशी तमंचे बरामद हुए हैं।

Update:2026-05-06 22:17 IST

Meerut News

Meerut News: शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन पिस्टल, तीन देशी तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस कार्रवाई को मेरठ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस गश्त और चेकिंग में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के खत्तों के पास दो युवक अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान (26), निवासी सराय बहलीम, मेरठ और समीर (23), निवासी शिव दयालपुरा, हापुड़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से .32 बोर की तीन पिस्टल, .315 बोर के तीन तमंचे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि सलमान अवैध हथियारों की खरीद कर उन्हें समीर जैसे ग्राहकों को सप्लाई करता था। घटना के समय भी दोनों के बीच सौदा चल रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि इसके अन्य सदस्यों और हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके। वहीं, मुख्य आरोपी सलमान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है।

Tags:    

Similar News