Meerut News : अवैध मीट दुकानों पर मेरठ पुलिस का शिकंजा, भूमिया पुल के पास मंडी बंद

Meerut News : मेरठ में अवैध मीट दुकानों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भूमिया पुल के पास चल रही अवैध मंडी को कराया गया बंद

Update:2026-05-05 19:33 IST

Meerut Police Crack Down on Illegal Meat Shops

Meerut News:  जनपद में कानून व्यवस्था और जनस्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए मंगलवार को मेरठ पुलिस ने अवैध मीट दुकानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में की गई, जिसमें नगर निगम, फूड सेफ्टी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

अभियान लिसाड़ी गेट से शुरू होकर भूमिया पुल होते हुए माधवपुरम तक चलाया गया। इस दौरान टीम ने कई मीट दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान भूमिया माता मंदिर के पास अवैध रूप से संचालित मीट मंडी को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार यह कदम स्थानीय लोगों की शिकायतों और जनहित को ध्यान में रखते हुए उठाया गया।

निरीक्षण में कई दुकानों पर फूड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन पाया गया। ऐसे दुकानदारों को मौके पर ही नोटिस थमाए गए और कड़ी चेतावनी दी गई। संयुक्त टीम ने दो दर्जन से अधिक दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 290 और 292 के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Tags:    

Similar News