Meerut News: रालोद ने दलित चेहरे आगे बढ़ाए, मेरठ के विनोद हरित और सावित्री गौतम को राष्ट्रीय पद
Meerut News: राष्ट्रीय लोकदल ने मेरठ के विनोद हरित और सावित्री गौतम को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देकर दलित समाज में संगठन की पकड़ मजबूत करने का संकेत दिया है।
Meerut News
Meerut News: राष्ट्रीय लोकदल ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने और दलित समाज में अपनी पकड़ बढ़ाने की दिशा में बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। पार्टी ने मेरठ के दो प्रमुख नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक साफ संदेश देने की कोशिश की है कि अब संगठनात्मक ढांचा जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। यह निर्णय राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के निर्देश पर लिया गया है। इसके तहत अनुसूचित जाति और जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ पी सागर ने सिवालखास के पूर्व विधायक विनोद हरित को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मेरठ की सावित्री गौतम को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है।
दलित नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी
इस नियुक्ति के बाद मेरठ के राजनीतिक माहौल में हलचल देखने को मिली है। दोनों नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिलने के बाद शास्त्री नगर स्थित विनोद हरित के आवास पर एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया गया। फूल मालाओं और नारों के बीच माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश से भरा नजर आया।विनोद हरित ने इस मौके पर कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो भरोसा उन पर जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दलित समाज के बीच राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों को मजबूती से पहुंचाया जाएगा और संगठन को गांव गांव तक विस्तार दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग पार्टी से जुड़ सकें।
स्वागत समारोह में दिखा उत्साह और संगठन का संदेश
इस मौके पर रालोद सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे ने कहा कि जयंत चौधरी लगातार दलित समाज को सम्मान और भागीदारी देने का काम कर रहे हैं और इसका असर आने वाले चुनावों में साफ दिखाई देगा। वहीं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष जाटव ने किया और पूरे आयोजन में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।