Meerut News: सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर टिप्पणी पड़ी भारी, भावनपुर पुलिस ने युवक को दबोचा
Meerut News: मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ कथित टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
Meerut News
Meerut News: मेरठ में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली कथित टिप्पणी करने के मामले में मेरठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र टिप्पणी की थी, जिसके बाद इलाके में नाराजगी का माहौल बन गया था।
पुलिस के अनुसार, जानी थाना क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी विपिन पुत्र बुद्धप्रकाश ने थाना भावनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम स्याल निवासी अभी गौतम ने सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणी पोस्ट की, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।थाना भावनपुर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभी गौतम पुत्र कालू निवासी ग्राम स्याल थाना भावनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी जोगेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रोहित कुमार और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पोस्ट न करने की अपील की है।