Meerut News: भगवा संग तिरंगा लेकर निकले कांवड़िए, जेन-जी ने आस्था के साथ जगाई राष्ट्रभक्ति

Meerut News: मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान जेन-जी कांवड़ियों ने भगवा के साथ तिरंगा लहराकर आस्था और राष्ट्रभक्ति का अनोखा संदेश दिया। 'बोल बम' के साथ 'वंदे मातरम्' के जयघोष ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

Update:2026-08-05 12:01 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: "हर-हर महादेव"... "बोल बम"... और इसके साथ "भारत माता की जय"। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से गुजर रही कांवड़ यात्रा में इस बार सिर्फ शिवभक्ति का जोश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का उत्साह भी कदम-कदम पर दिखाई दे रहा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों कांवड़ियों, खासकर जेन-जी के युवाओं ने अपनी कांवड़ों पर भगवा ध्वज के साथ तिरंगा भी पूरे सम्मान से सजाया है। नतीजा यह है कि कांवड़ मार्ग पर भगवा और तिरंगे का अनोखा संगम लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।

मेरठ-दिल्ली हाईवे से लेकर शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों तक बड़ी-बड़ी कांवड़ों पर लहराते तिरंगे दूर से ही नजर आ जाते हैं। डीजे पर कहीं शिवभक्ति के भजन बज रहे हैं तो कहीं देशभक्ति के गीत माहौल को और ऊर्जावान बना रहे हैं। श्रद्धालु 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ 'भारत माता की जय' के नारे भी लगा रहे हैं।

दिल्ली से आए रणवीर सिंह कहते हैं, "भगवा हमारी आस्था का प्रतीक है और तिरंगा हमारे देश की शान। दोनों का सम्मान करना हर भारतीय का कर्तव्य है।" गुरुग्राम के विवेक का मानना है कि धर्म व्यक्ति को संस्कार देता है, जबकि तिरंगा देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। सिकंदराबाद से आए 'महादेव ग्रुप' के 25 सदस्य अपनी विशाल कांवड़ पर दोनों ध्वज लगाए हुए हैं। दल के सदस्य सोनू कहते हैं, "हम चाहते हैं कि हमारी यात्रा सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि देशप्रेम का संदेश भी दे।"

यात्रा का असर बाजारों में भी साफ दिखाई दे रहा है। सदर बाजार, घंटाघर, हापुड़ अड्डा, शास्त्री नगर और मोदीपुरम में भगवा ध्वज के साथ तिरंगे की दुकानों पर दिनभर भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों के अनुसार इस बार युवाओं में तिरंगे की मांग पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है। पूजा सामग्री के थोक व्यापारी राकेश बताते हैं, "पहले लोग सिर्फ भगवा ध्वज खरीदते थे, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में तिरंगा भी खरीद रहे हैं। कई श्रद्धालु दोनों ध्वज साथ लेकर जा रहे हैं।" उनके अनुसार मेरठ में तिरंगे की बिक्री इस बार 20 लाख रुपये से अधिक पहुंचने का अनुमान है। कांवड़ यात्रा की यह बदलती तस्वीर इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी अपनी धार्मिक आस्था और राष्ट्रप्रेम, दोनों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। भगवा और तिरंगे का यह संगम इस बार की कांवड़ यात्रा की सबसे आकर्षक और चर्चित पहचान बन गया है।

Tags:    

Similar News