Meerut News: फर्जी जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, आधार-पैन और डेबिट कार्ड बरामद
Meerut News: मेरठ में साइबर सेल और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी जनसेवा केंद्र चलाकर लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।
Meerut News
Meerut News: मेरठ पुलिस की साइबर सेल और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी जनसेवा केंद्र संचालित कर लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 92 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 180 आधार कार्ड, 139 वोटर आईडी कार्ड, 97 पैन कार्ड समेत बड़ी संख्या में अन्य दस्तावेज और फर्जी मोहरें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार को साइबर सेल और लिसाड़ी गेट पुलिस ने क्षेत्र में संचालित जनसेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि कुछ लोग गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों को झांसे में लेकर उनकी पहचान संबंधी जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन खातों के जरिए ऑनलाइन लेन-देन कर अवैध लाभ कमाया जाता था।जांच में सामने आया कि आरोपित मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न ऑनलाइन भुगतान प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों का इस्तेमाल कर खातों में धनराशि का ट्रांजेक्शन करते थे। मामले में थाना लिसाड़ी गेट में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल और थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस तथा मुखबिर सूचना के आधार पर अंसार कॉलोनी, गोला कुआं निवासी अरकम पुत्र निजामुद्दीन और निजामुद्दीन पुत्र यासीन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन, 92 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 10 बैंक पासबुक, पांच चेकबुक, 139 वोटर आईडी कार्ड, 16 ब्लैंक हेल्थ कार्ड, 180 आधार कार्ड, 97 पैन कार्ड और 10 रबर स्टैंप एवं सील मोहर बरामद की हैं।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद बैंक खातों में से एक खाते के संबंध में असम राज्य से राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज है। पुलिस आरोपितों के नेटवर्क और उनसे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।